Meerut: बयान दर्ज कराने मेरठ पहुंचीं अभिनेत्री अर्चना गौतम, प्रियंका गांधी के पीए पर दर्ज कराया था मुकदमा
Meerut News : अभिनेत्री अर्चना गौतम अपने बयान दर्ज कराने मेरठ पहुंचीं हैं। उनके पिता ने प्रियंका गांधी के पीए के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
विस्तार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पीए पर अभद्रता का आरोप लगाने के मामले में अभिनेत्री व कांग्रेस नेत्री अर्चना गौतम शनिवार दोपहर बाद बयान दर्ज कराने के लिए सीओ ब्रह्मपुरी कार्यालय में पहुंचीं। वहां उन्होंने काफी देर तक अपने बयान दर्ज कराएं और पूरा घटनाक्रम विस्तार से बताया।
दरअसल, अर्चना गौतम के पिता गौतम बुद्ध ने कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पीए संदीप कुमार के खिलाफ परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अर्चना गौतम के पिता ने एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज करने की मांग की थी। पूरे मामले की जांच सीओ ब्रह्मपुरी को सौंपी गई थी। इसी मामले में अर्चना गौतम अपने बयान दर्ज कराने पहुंचीं। इस दौरान अर्चना गौतम ने कहा कि इस तरह अपमान नहीं सहेगी। जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती तब तक न्याय के लिए लड़ाई लड़ती रहेंगी।
उनके पिता का आरोप है कि प्रियंका गांधी के बुलावे पर मेरी बेटी अर्चना गौतम 26 फरवरी 2023 को कांग्रेस के महाअधिवेशन में भाग लेने के लिए रायपुर छत्तीसगढ़ गई थीं, जहां पर मेरी बेटी ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मिलने का समय उनके पीए संदीप सिंह से मांगा, लेकिन उन्होंने प्रियंका से मिलवाने से मना कर दिया और मेरी बेटी से बदतमीजी से बात करते हुए जातिसूचक व अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। यही नहीं मेरी बेटी को सभी के सामने अधिवेशन मंच पर जाने से मना कर दिया।
यह भी पढ़ें: आंगन से एक साथ उठीं पांच अर्थियां, रो पड़ा पूरा गांव, सदमे में परिवार
आरोप लगाया कि संदीप ने मेरी बेटी को इशारों में अलग होकर बात करने की कोशिश की। इसी दौरान मेरी बेटी को जातिसूचक शब्दों से संबोधित करते हुए जेल में डलवाने व जान से मारने की धमकी देते हुए सबके सामने अभद्रता पूर्ण व्यवहार किया। जिससे मेरी बेटी का मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ा है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं ऋचा सिंह, जिन्हें आम आदमी पार्टी ने बनाया महापौर प्रत्याशी
आरोप लगाया कि संदीप ने उठाने की धमकी देते हुए अपमानित किया। जिसका वीडियो सबूत वहां के कैमरा मैन के पास उपलब्ध है। बाद में मेरी बेटी अपने प्रयासों से प्रियंका से मिल पाईं। इस संबंध में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना था कि मुकदमे को रायपुर स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं से आगे की कार्रवाई होगी।