Baghpat: पुलिस ने पकड़ा फर्जी दरोगा, वर्दी पहनकर लोगों पर जताता था रौब, की लाखों की ठगी
बागपत जनपद के रमाला थाना पुलिस ने नाैकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा पुलिस की वर्दी पहन लोगों पर राैब जमाता था।
विस्तार
बागपत जनपद के रमाला थाने में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले एक फर्जी दरोगा का गिरफ्तार किया है। आरोपी कई लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी कर चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।
पकड़ा गया आरोपी फर्जी दरोगा यश भौराकलां जनपद बागपत का रहने वाला है। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब-गालिब करता था और लोगों को नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी करता था। हाल में फर्जी दरोगा यश ने बुढपुर गांव निवासी सन्नी को पीआरडी में दरोगा बनवाने के नाम पर ढाई लाख रूपये मांगे थे।
यह भी पढ़ें: Meerut: 1.5 करोड़ के कैसीनो काॅइन बरामद, सभी युवा रईसजादे, मालिक सहित छह पर रिपोर्ट, ऑनलाइन बुक हुई थी पार्टी
सन्नी आरोपी यश को 50 हजार रूपये एडवांस भी दे चुका था। 50 हजार रूपये लेकर फर्जी दरोगा यश ने सन्नी को पीआरडी में दरोगा बनाने का फर्जी नियुक्त पत्र थमा दिया और मंगलवार को बाकी दो लाख रूपये लेने बुढ़पुर गांव गया हुआ था।
सन्नी व उसके परिजनों को शक हुआ, तो उन्होंने इसकी सूचना रमाला पुलिस को दी। सूचना पर रमाला पुलिस मौके पर पहुंची तो फर्जी दरोगा यश रमाला पुलिस को भी धमकाने लगा और भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। फिलहाल आरोपी को रमाला थाने पर लाया गया है और पूछताछ की जा रही है।
पीआरडी में दरोगा की नौकरी दिलवाने के नाम पर रमाला पुलिस ने एक फर्जी दरोगा को पकड़ा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही आराेपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी- विजय चौधरी सीओ बड़ौत।