Baghpat: छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पढ़ें अपराध के मुख्य समाचार
बागपत जनपद की एक छात्रा ने तीन युवकों पर छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। वहीं जिले एक अन्य युवती ने शादी का झांसा देर दुष्कर्म के मामले में पुलिस को तहरीर दी है।
विस्तार
बागपत जनपद के खेकड़ा थानाक्षेत्र की एक छात्रा ने तीन युवकों पर यूपी पुलिस में भर्ती कराने का झांसा देकर साढ़े चार लाख रुपये की ठगी करने और नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
खेकड़ा की रहने वाली छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फरवरी माह में यूपी पुलिस भर्ती की परीक्षा हुई थी। इसमें नोएडा के एक युवक ने नौ लाख रुपये में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में पास कराने का झांसा दिया और उससे साढ़े चार लाख रुपये ले लिए।
आरोप लगाया कि साढ़े चार लाख रुपये परिणाम आने पर देना तय हुआ। परीक्षा में मदद नहीं करने पर उसने रुपये वापस मांगे। कई बार तकादा करने पर युवक ने अपने कमरे पर बुलाया, जहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर दिया।
आरोप लगाया कि उसके साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। अब रुपये मांगने पर उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि पीड़िता के बयान दर्ज किये गए हैं। आरोप सही मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: CAA अधिसूचना जारी: मेरठ-बिजनौर समेत वेस्ट UP में बढ़ाई सुरक्षा, संवेदनशील स्थानों पर पैरामिलट्री फोर्स तैनात
बागपत क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी तहरीर में एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
खल व्यापारी की अलमारी से 16 हजार निकाले
अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बे के बाजार खल व्यापारी की दुकान पर सोमवार को 500 रुपये खुलवाने के लिए आये दो युवकों ने अलमारी से 16 हजार रुपये चोरी कर लिए, जिसके बाद दोनों युवक वहां से भाग गए। व्यापारी के शोर मचाने पर लोगों ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन हाथ नहीं लगे। उधर, कोतवाली प्रभारी ने चोरी की जानकारी होने से मना किया। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मां को गालियां देने पर हवालात पहुंचा युवक
रटौल के खट्टा प्रहलादपुर गांव में एक युवक ने अपनी मां के साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट का प्रयास किया। इसमें महिला बाला की तहरीर पर पुलिस ने उसके बेटे को हिरासत में ले लिया। चांदीनगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।