हरियाली पर चल रही वन माफियाओं की कुल्हाड़ी
बड़ौत (बागपत)। पूर्वी यमन नहर स्थित वन विभाग कार्यालय से जुड़े क्षेत्र मेें पिछले एक सप्ताह से वन माफियाओं द्वारा अवैध रूप से हरे पेड़ों का कटान किया जा रहा है। शिकायतों के बावजूद वन अधिकारी माफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को गांव बुढ़पुर ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर वन विभाग कार्यालय पर हंगामा किया और विभागीय अधिकारियों पर वन माफियाओं से मिले होने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले एक सप्ताह से उनके क्षेत्र में वन माफियाओं द्वारा वन अधिकारियों की मिलीभगत से हरे पेड़ो का अवैध कटान किया जा रहा है। इस मामले की शिकायत करने पर भी वन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। हरे पेड़ काटने की कार्रवाई को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के कार्यालय में नहीं मिलने पर ग्रामीण मामले की शिकायत डीएम और डीएफओ से करने की चेतावनी देकर वापस लौट गए। इस बारे में वन क्षेत्राधिकारी मदनपाल ने बताया कि हरे पेड़ काटने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। किसी भी ग्रामीण ने अभी तक कोई शिकायत नहीं की है। फिर भी इस मामले को दिखवाया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र सिंह, राजीव, उपेन्द्र, विकास, संजीव, धर्मेंद्र, लोकेंद्र, महेंद्र, भोपाल, आजाद, बिट्टू और जितेन्द्र शामिल रहे।