मुख्य आरोपी नहीं आया हाथ,चार पकड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बागपत के देवी चौक निवासी रियाज पुत्र फैय्याज ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे उसका बेटा फरीद मोहल्ले में अपने दोस्त नसीम पुत्र हफीजूद्दीन, नसीम पुत्र रहीसूद्दीन और जब्बार पुत्र यूूसुफ के साथ खडे़ होकर बातें कर रहा था। तभी वहां पर एक टाटा सूमो में सोनू और मोनू पुत्रगण चमन, हितेश, कांस्टेबल रघुवीर और कांस्टेबल जितेंद्र आए। गाड़ी से उतरते ही कहने लगे कि यहां पर क्यों खड़े हो ? उसके बाद आरोपी गाली गलौच और मारपीट करके शहर के यमुना रोड पर विजय के मकान पर पहुंच गए।
यहां पर कांस्टेबल रघुवीर किराए पर रहता है। कुछ समय बाद उसका बेटा फरीद साथियों के साथ अपनी दादी का खाना लेकर ईदगाह मोहल्ले में जा रहा था। ईदगाह के पास स्थित पुलिया के पास पहुंचते ही मकान में शराब पी रहे आरोपियों ने उसके बेटे फरीद को मकान में खींच लिया और गोली मार दी। घायल होकर वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे नाले में डालने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां पर भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ को देख आरोपी फरार हो गए।
लोगों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक आईपीसी की धारा 147, 148बी, 149, 504, 307, 302 में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी रवि शंकर छवि का कहना है कि आरोपी कांस्टेबल जितेंद्र के अलावा दो भाई सोनू, मोनू तथा हितेश को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। दोनों सस्पेंड कर दिए गए हैं।
सिर में सटाकर मारी गई फरीद को गोली
बागपत। युवक फरीद के एक गोली सिर में पीछे से सटाकर मारी गई थी। जो सिर के ऊपरी हिस्से से होकर निकली है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। युवक फरीद की गोली लगने से मौत हो जाने के बाद पुलिस विभाग में चर्चा चल गई थी कि मृतक अपने साथियों के साथ सिपाही के घर पर हमला करने के लिए पहुंचा था। सिपाही ने आत्मरक्षा में हवाई फायर की थी।
दीवार में लगने के बाद गोली फरीद के सिर में लग गई थी, लेकिन मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो गई। क्राइम ब्रांच प्रभारी/ सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मृतक फरीद के सिर में दांए कान की ओर से गोली मारी गई है, जो सिर के ऊपरी हिस्से से होकर निकली है। मृतक के सिर में भी चोट के दो निशान मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो उसको सटाकर गोली मारी गई है।
गुस्से पर हटाए कोतवाली प्रभारी
बागपत। युवक फरीद हत्या के मामले में लोगों का गुस्सा देखकर पुलिस अफसरों ने कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव को हटा दिया। उसके स्थान पर एसआई मुकेश कुमार को कार्यभार सौंपा है। शहर के यमुना रोड पर फरीद की बुधवार की रात में हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने कोतवाली प्रभारी के खिलाफ भी जमकर हंगामा किया था। भीड़ कोतवाली की तरफ भी बढ़ने लगी तो पुलिस कर्मियांे ने उसका गेट बंद कर दिया था।
बृहस्पतिवार की सुबह बसपा विधायक लोकेश दीक्षित ने कहा कोतवाली क्षेत्र में अपराध चरम पर है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। शहर में खुलेआम सट्टा और जुआ का कारोबार चल रहा है। पुलिस पर हमला होने के बावजूद यह धंधा बंद नहीं हुआ। कहा कि यह कभी भी बवाल का कारण बन सकता है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी को हटवाने की अफसरों से मांग की थी। एसपी रवि शंकर छवि ने मामले को गंभीरता से लेकर कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव को कोतवाली से हटाकर बालैनी थाना का कार्यभार सौंप दिया। क्राइम ब्रांच में तैनात एसआई मुकेश कुमार को कोतवाली प्रभारी बनाया।