हादसे ने छीनीं दो और जिंदगी: बागपत में कैंटर की टक्कर लगने से दो चचेरे भाइयों की मौत, बाइक के हुए दो टुकड़े
बागपत जनपद के खेकड़ा में रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। बताया गया कि कैंटर की टक्कर लगने से दोनों भाई कैंटर के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
जानकारी के अनुसार मोहल्ला अहिरान निवासी अनुज वर्मा पुत्र राधेश्याम वर्मा और मोहन वर्मा पुत्र राधे कृष्ण वर्मा दोनों चचेरे भाई थे। दोनों गाजियाबाद के लोनी में ज्वेलर्स की दुकान करते थे।
रविवार सुबह दोनों बाइक से लोनी दुकान पर जा रहे थे। जब वे गाजियाबाद जनपद के ट्रॉनिका सिटी में पहुंचे। तभी पीछे से तेज गति के साथ आ रहे कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। साथ ही कैंटर के कुचलने से गंभीर घायल हुए दोनों चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने मृतकों की जेब में मिले मोबाइल से फोन कर उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। परिवार में दो बेटों की मौत की खबर मिलने से परिजनों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा।
गमजदा परिजन सूचना मिलते ही गाजियाबाद चले गए। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद भिजवा दिया। एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों की मौत होने से मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहन के दो बेटे हैं। इनमें बड़ा बेटा दीपक करीब (17) और छोटा बेटा वंश(12) वर्ष है। अनुज के भी दो बच्चे हैं। इनमें बड़ी बेटी मुस्कान(10) और बेटा रमन(7) है। मोहल्ले के लोग मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हैं।