बसों में होती है छींटाकशी, क्या करें महिलाएं
बागपत। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के शहर श्रीराम कॉलेज ऑफ हायर एजूकेशन के महाराज अग्रसेन कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। एएसपी रण विजय सिंह ने कहा कि छात्राएं समाज के उत्थान में सकारात्मक भूमिका निभाएं। कानून की नजर में सब बराबर होते हैं। खुद या किसी और के मुश्किल में होने की जानकारी मिलने पर हेल्प लाइन नंबर 1090 पर कॉल करें। इसमें उनकी पहचान उजागर नहीं की जाती है। वन हंड्रेड डायल सेवा भी लोगों की मदद के लिए बेहतर विकल्प हैं। पुलिस से डरने या बचने के बजाए मददगार बनें। पुलिस को मित्र की तरह समझें और मदद लें, यही नहीं पुलिस की समय-समय पर मदद भी करें। समाज में अनुशासन और लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए कानून बनाए हैं। शिक्षा के साथ जीवन में अनुशासन और कानून के पालन से व्यक्ति आगे बढ़ता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा रहती है। शिक्षक की तरह कानून का पालन कराने का काम पुलिस करती है। जहां लोग खुद कानून का पालन नहीं करते, वहां पुलिस की जरूरत पड़ती है। समाज में विकृत मानसिकता के लोगों का महिलाएं डटकर मुकाबला करें, पुलिस उनके साथ है। हर संस्था में पावर एंजल्स अनिवार्य है। छात्राओं को पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। कानून के विषय में अधिक से अधिक जानकारी रखनी चाहिए।
सावधान रहे, मोबाइल को मुसीबत न बनाएं
बागपत। एएसपी रण विजय सिंह ने कहा कि अधिकतर लोगों के हाथ में मोबाइल है। इंटरनेट का प्रयोग किया जा रहा है। ऐसे में जरूरी है किशोर और युवा इंटरनेट से सकारात्मक चीजें ग्रहण करें, तभी इसका फायदा है। अभिभावक और शिक्षकों की यह जिम्मेदारी हैं कि बच्चों को बताएं कि क्या देखना है और क्या नहीं देखना है। गलत चीजें बच्चों के कोमल ह्दय पर अधिक असर डालती है, इसके लिए निगरानी जरूरी है। शिक्षक और अभिभावक सही और गलत का फर्क बताएं। मोबाइल का सीमित प्रयोग करें। व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया पर सैकड़ों जानकारी गलत होती हैं। लोग इन्हें शेयर करना शुरू कर देते हैं। गलत चीजों को शेयर करना भी कानून का उल्लंघन होता है। छात्राएं अपने फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचें या सावधानी बरतें।
छात्राओं के सवाल, एएसपी के जवाब
पूजा वर्मा : ट्रेवल करते समय अगर किसी महिला या छात्रा पर छींटाकशी होती है। घर पर परिजन बात को दबाते हैं, समाधान क्यों नहीं होता।
एएसपी : सबसे पहली चीज है आत्मविश्वास बनाएं रखें। हेल्पलाइन नंबर 1090 या वन हंड्रेड डायल पर तुरंत कॉल करें। आसपास के यात्रियों और चालक एवं परिचालक की मदद लें। परिजनों को भी बेटियों का साथ देना चाहिए। ऐसी प्रत्येक स्थिति में पुलिस मदद के लिए तैयार हैं, सिर्फ सूचना मिलनी चाहिए।
आरजू : महिलाएं एटीएम चलाना कम जानती है, पुलिस इसमें क्या कर सकती है।
एएसपी : एटीएम की जानकारी देना बैंक सेवाओं के अंतर्गत आता है। समय-समय पर बैंक अभियान चलाते हैं। परिवार के जो सदस्य एक्सपर्ट हैं, धीरे-धीरे उन्हें पूरे परिवार की इसकी जानकारी देनी चाहिए।
पारुल चौहान : महिला और पुरुषों के लिए बसों में अलग केबिन का नियम लागू होना चाहिए।
एएसपी : बड़े शहरों की सिटी बसों में इस नियम को प्राथमिकता से लागू किया गया है। सिटी बसों में केबिन का नियम है। इसके अलावा रोडवेज और प्राइवेट बसों में महिलाओं के लिए प्रत्येक बस में रिजर्व सीट होती है। एआरएम इसकी व्यवस्था करते हैं। बागपत में सिटी बसें नहीं चलती हैं।
शिवानी : स्कूल, कॉलेज, ट्यूशन या बाजार जाते समय लड़कियों पर छींटाकशी होती है।
एएसपी : पुलिस ने इस तरह के मामलों के लिए एंटी रोमियो स्कवॉयड का गठन किया है। अगर कहीं स्कवॉयड नहीं पहुंचता तो संबंधित थाने और अधिकारियों से शिकायत किए जाते ही पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है। हेल्प लाइन नंबरों का प्रयोग करना चाहिए।
डॉ कविता मानव : महिला से जुड़े मामलों में पीड़ित को बार-बार थाने बुलाने से छूट मिलनी चाहिए।
एएसपी : पुलिस पीड़ित को बार-बार थाने नहीं बुलाती। अगर कोई जरूरी जानकारी लेनी होती है या पीड़ित का थाने में आना जरूरी होता है, तभी बुलाया जाता है। अगर कहीं बेवजह बुलाया जा रहा है तो तुरंत अधिकारियों को सूचना दें।
प्रबंध समिति ने किया एएसपी का अभिनंदन
महाराजा अग्रसेन कॉलेज में प्रबंध समिति के अरविंद गुप्ता, वैभव मित्तल, प्रिंस सिंघल, दिगंबर जैन कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. विजयपाल, डॉ. रोहित, डॉ. कविता मानव, दीपिका कौशिक ने एएसपी रण विजय सिंह का अभिनंदन किया। एएसपी ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संचालन हरीश चौहान ने किया। इसमें विजय वर्मा, विक्रांत चौहान मौजूद रहे।
क्या बोली छात्राएं
छात्रा अनु सरोहा ने कहा कि उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली। लोगों को कानून के प्रति जागरूक होना चाहिए।
ज्योति शर्मा ने कहा कि उपयोग जानकारी मिली। हेल्पलाइन नंबरों के विषय में सभी छात्राओं को जानकारी होनी चाहिए।
नेहा वर्मा ने कहा कि कानून की उपयोगी जानकारियां मिली। छात्राओं को आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।
चंचल ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में कई भ्रांतियां दूर हुई। कानून की जानकारी मिली और कार्यशैली का पता चला।
मनु पंवार ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में पुलिस की कार्यप्रणाली के विषय में जानकारी मिली। प्रत्येक व्यक्ति को कानून की जानकारी रखनी चाहिए।