बागपत। पिलाना गांव की महिलाओं ने 12 लाख की ठगी का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पर धरना दिया। उन्होंने मामले की जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बाद में कलक्ट्रेट प्रभारी रामनयन सिंह को शिकायती पत्र दिया।
डीएम कार्यालय पर धरने पर बैठी महिलाओं ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2015 में चार समूह बनाए थे। समूह का सारा रिकॉर्ड एक समूह की अध्यक्ष के पति के पास है। वह समूह की महिलाओं से किश्त लेता था। समूह की बचत राशि व बैंक से डेढ़ लाख की लिमिट भी उसने बनवा ली थी। इसका उन्हें पता नहीं चल पाया। अप्रैल माह में बैंक की ओर से उन्हें नोटिस मिला तो पता चला कि उनके समूह के नाम पर ऋण लिया गया है। बैंक पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि समूहों के बचत खाते खाली हैं। कुल 12 लाख रुपये लेकर आरोपी एक माह से फरार है। धरना देने वालों में अर्चना, बबीता, ज्योति, कमलेश, अनिता, बबीता, गीता, सीमा, रेखा आदि मौजूद रहीं।