Azamgarh News: सील के बट्टे से कूच कर महिला की हत्या, छत पर मिली खून से लथपथ लाश; हत्यारे से हुई थी हाथापाई
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में महिला की हत्या कर दी गई। खून से लथपथ लाश उसके घर की छत पर मिली। रात की ड्यूटी करके आए पति ने लाश देखकर पुलिस को बुला लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही तहरीर प्राप्त कर ली गई है।
विस्तार
Murder in Azamgarh: आजमगढ़ के तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर में बुधवार की सुबह छत पर सो रही महिला का रक्तरंजित शव मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई।
बीती रात 55 वर्षीय रामदुलारी तिवारी प्रतिदिन की तरह अकेले छत पर सो रही थीं। उनके पति अगस्त तिवारी होमगार्ड हैं। वे रात की ड्यूटी करने के लिए गए थे। बुधवार की सुबह जब वह ड्यूटी से लौटे तो उन्होंने दरवाजा न खुलने पर आवाज लगाई।
परिजनों में मचा कोहराम
अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो वे बांस की सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे। तो रामदुलारी का रक्त रंजित शव देखा। मृतका के शरीर पर चोट के निशान थे और चारो तरफ खून फैला हुआ था। देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसने हमलावर के साथ जमकर मुकाबला किया था।
मृतका के सात बेटियां और एक बेटा है। इसमें पांच बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना के समय दो बेटियां ननिहाल गई थीं और बेटा बाहर था। हत्या की सूचना मिलते ही सीओ लालगंज और एसओ तरवां मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।