आजमगढ़। अध्यापक पढ़ाते हैं या नहीं, स्कूल में सुविधाएं मिलती हैं या नहीं...? ऐसी तमाम जानकारियां जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को शिक्षा क्षेत्र रानी की सराय के कंपोजिट विद्यालय कोटवा व कंपोजिट विद्यालय सिधारी हाइडिल के निरीक्षण के दौरान बच्चों से लिए। उन्होंने बच्चों से स्कूल से जुड़ी कई अन्य बातों को भी पूछा। जिसका बच्चों ने बड़े सलीके से जवाब दिया।
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने शिक्षा क्षेत्र रानी की सराय के कंपोजिट विद्यालय कोटवा एवं कंपोजिट विद्यालय सिधारी हाइडिल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अध्यापकों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। डीएम ने स्कूल में शौचालय, पानी तथा स्वच्छ पेयजल आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य से स्कूल में बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी लिया। बच्चों से उनके अभिभावकों के खाते में ड्रेस आदि का पैसा पहुंचने के बारे में जानकारी लिया। इसी के साथ ही उन्होंने एडीए द्वारा विद्यालय में कराए जा रहे भवन मरम्मत कार्य एवं बाउंड्रीवाल के निर्माण को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि भवन मरम्मत कार्य एवं बाउंड्रीवाल के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दें। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, एडीए सचिव बैजनाथ, कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।