बलरामपुर। शहर से सटे ककरहटा गांव के ग्रामीण आवागमन में हो रही समस्या के चलते काफी परेशान है। गांव में जाने के लिए सिक्स लेन पर अंडरपास तो बनाया गया है लेकिन उसमें पानी भर जाने से आने-जाने की समस्या खड़ी हो गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को अंडरपास के पास सिक्स लेन पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। एसडीएम के आश्वासन पर डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
ककरहटा गांव के पास से सिक्स लेन गुजरी है। यहां से गांव में जाने के लिए कार्यदायी संस्था ने अंडरपास बनाया हुआ है। सामान्य दिनों में तो कोई दिक्कत आने-जाने में नहीं हो रही थी लेकिन बरसात में अंडरपास पानी से भर गया है। जिसके चलते ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। कोई दूसरा रास्ता न होने के चलते ग्रामीण काफी परेशान है और मजबूरी में अंडरपास में भरे पानी से होकर ही गुजरने को मजबूर है। बार-बार की शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई न होने पर ग्रामीण बुधवार को लामबंद हो गए और अंडरपास के पास ही सिक्स लेन पर चक्काजाम कर दिया। सुबह 10 बजे से चक्काजाम लगते ही हाई-वे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर शहर कोतवाली प्रभारी केके गुप्ता मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद एसडीएम सदर रावेंद्र सिंह भी आ गए। ग्रामीणों ने गांव में आने-जाने की उचित व्यवस्था कराए जाने की मांग किया। जिस पर एसडीएम ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। जाम लगाने वालों में सोहराब, मोतीन, जुम्मन, पप्पू, चुन्नू, लतीफ, सोफिया आदि ग्रामीण शामिल रहे।