बुलेट से चक्कर मार रहे युवक से पूछताछ करने पर बवाल, तीन दर्जन उपद्रवियों ने की तोड़फोड़
- हुसैनाबाद मुहल्ले में उपद्रवियों ने बोला धावा
- लाठी-डंडा, स्टैंप लेकर मुहल्ले में आए थे उपद्रवी
विस्तार
आजमगढ़ जिले में स्थित निजामाबाद कस्बे के हुसैनाबाद मुहल्ले में उस समय हंगामा मच गया जब तीन दर्जन भर युवक लाठी डंडा व स्टंप से लैस होकर पहुंचे और लोगों से गाली-गलौज करने के साथ ही तोड़फोड़ करने लगे। लोगों के घरों के बाहर लगे कूलर, बल्ब आदि के साथ ही दरवाजों को भी तोड़ डाला। आधे घंटे से अधिक समय तक उपद्रवी हंगामा करते रहे और पुलिस सूचना के बाद भी नहीं पहुंची थी।
मुहल्ले के लोगों ने घटना के बाबत थाने पर पहुंच कर तहरीर भी दे दी है। सोमवार को रक्षाबंधन त्यौहार की धूम थी। मुहल्ले में भी लोग रक्षाबंधन का त्यौहार मना कर घर के अंदर व बाहर बैठे हुए थे। दिन में लगभग दो बजे बुलेट बाइक का साइलेंसर निकाल कर एक युवक मुहल्ले में चक्कर मारा और फिर वापस लौट गया। दूसरी बार वह फिर उसी बुलेट से पहुंचा तो कुछ लोगों ने उसे रोक कर गली में चक्कर लगाने का कारण पूछ लिया। इस पर युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दिया।
मुहल्ले के लोगों ने विरोध किया तो वह हाथापाई पर उतर आया। लोगों के जुटने पर वह वापस लौट गया और कुछ ही देर बाद 25 से 30 की संख्या में लाठी-डंडे, स्टंप व राड से लैस लड़कों को लेकर गली में आ धमका। काफी संख्या में लाठी डंडे से लैस लड़कों को देख कर लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। कुछ लोगों ने तत्काल डॉयल 112 व थाने पर फोन भी किया लेकिन पुलिस नहीं आई।
उपद्रवी लड़के मुहल्ले के लोगों को गालियां दे रहे थे और बाहर निकलने को बोल रहे थे। डर के मारे लोग बाहर नहीं निकले तो युवकों ने तोड़फोड़ कर तांडव मचाना शुरू कर दिया। लोगों के घरों के बाहर लगे खिड़की, दरवाजे, कूलर, बल्ब आदि तो तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया गया। आधे घंटे तक विशेष समुदाय के युवकों ने मुहल्ले में हंगामा किया और पुलिस नहीं पहुंची।
उपद्रव मचाने के बाद युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद मुहल्ले के लोग निजामाबाद थाने पर पहुंचे और लिखित तहरीर दी। इसके बाद पुलिस जागी और मौका मुआयना करने के साथ ही मुहल्ले में लगे सीसी टीवी कैमरे के फुटेज आदि को एकत्र करना शुरू किया। शाम में बिना साइलेंसर की उस बुलेट बाइक को पुलिस ने बरामद भी कर लिया जिसे लेकर युवक गली का चक्कर लगा रहा था।
त्यौहार के दिन उपद्रव से लोगों में आक्रोश
कस्बे में रक्षाबंधन के दिन विशेष समुदाय के युवकों के उपद्रव से लोगों में आक्रोश है। हुसैनाबाद मुहल्ला ही नहीं पूरे कस्बे के लोग घटना पर आक्रोश जता रहे हैं और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे है। लोगों का कहना है कि यदि समय से पुलिस मौके पर पहुंच गई होती तो तोड़फोड़ नहीं होती।
कई घरों के बाहर रखे कूलर आदि को लाठी-डंडे से मार कर उपद्रवियों से क्षतिग्रस्त कर दिया है। घरों की खिड़कियों में लगे शीशे तोड़ दिए गए है तो वहीं उपद्रवियों के इतने हौसले बुलंद थे कि उपद्रव के दौरान वे जम कर गालियां देते हुए जा रहे थे।
मुहल्ले के लोगों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उपद्रव नहीं बल्कि मारपीट हुई है। मै स्वयं भी मौके पर जा रहा हूं जहां तक तोड़फोड़ की बात है तो निश्चित तौर पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुहल्ले में लगे सीसीटीवी फुटेज आदि के माध्यम से बवाल करने वालों की पहचान कर गिरफ्तारी होगी। - मो. अकमल, सीओ सदर, आजमगढ़।