सगड़ी। मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला युवक काफी दिनों से परेशान कर रहा था। शादी न करने पर तेजाब से जला देने की धमकी देता रहता था। इतना ही नहीं लड़की की फेसबुक आईडी से फोटो चुरा कर फोटो में सिंदूर डालकर उसे ब्लैकमेल करता रहता था। घटना के बाबत जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया और सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के समुद्रपुर गांव में मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती के बहन की ससुराल है। वह अक्सर ही अपने बहन के यहां आती जाती रहती थी। समुद्रपुर गांव निवासी सोनू ने गांव में ही उसे देखा था और उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा था। पहले उसने युवती की फोटो उसके फेसबुक आईडी से निकाल लिया और फिर फोटो में सिंदूर डालकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। युवती शादी के लिए राजी नहीं हुई तो तेजाब फेंक कर जला देने की धमकी भी देने लगा। परेशान हाल युवती ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दिया। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर दिया। सोमवार को आरोपी सोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, उसे जेल भेजने की कवायद की जा रही है।