यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा सोमवार को जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने नेहरू सभागार में हुई बैठक में की। इस दौरान उन्होंने सभी परीक्षा केंद्र प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को लेकर तय मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। कहा कि परीक्षा केंद्रों के खाली कमरे को सील कराया जाए। हर हाल में नकलविहीन ढंग से परीक्षा करानी है?
जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रबंधकों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पवित्र सोच के साथ शासन की मंशा के अनुरूप संपन्न कराएं। बोर्ड परीक्षा के नियम एवं व्यवस्था बहुत सख्त है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा ड्यूटी में लगा कोई भी कर्मचारी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल नहीं ले जाएगा। परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की परिधि में कंप्यूटर, फोटो कापी की दुकानें की बंद रहेंगी। इस बार स्कूल के आसपास के घरों में कोई भी बाहरी व्यक्ति नहीं रहेगा। उन्होंने केंद्र प्रबंधकों को निर्देश दिया कि परीक्षा में लगे कर्मचारियों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर कल तक डीआईओएस कार्यालय में उपलब्ध करा दें। शौचालय के सामने एक सीसी टीवी कैमरा अवश्य लगा होना चाहिए, जिससे यदि कोई भी परीक्षार्थी बार-बार शौचालय जाता है तो उसकी निगरानी करते हुए जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा को संपन्न कराने के लिए लगभग 200 कर्मचारी लगे हैं, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरे वायस रिकार्डर युक्त क्रियाशील होने चाहिए। केंद्र पर परीक्षा कक्ष के अलावा जो कमरा खाली पड़ा हो, उसे सील कराएं। सभी परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को ड्राई रन कराएं। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।