अहरौला। क्षेत्र के बिसईपुर बाग स्थित गन्ना क्रय केंद्र के समीप शारदा सहायक खंड 32 की ओवरहेड के टूटे पुलिया को लेकर गन्ना किसानों ने बृहस्पतिवार को विरोध-प्रदर्शन किया। किसानों ने जमकर नारेबाजी की। वहीं विभागीय लापरवाही के कारण गन्ना पर्ची में हो रही गड़बड़ियों को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई। साथ ही पुलिया बनाने की मांग की। मांग पूरी न होने पर किसानों ने आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
गन्ना किसानों ने बताया कि गन्ना क्रय केंद्र के बगल से शारदा सहायक खंड 32 की नहर है। नहर पर एक पुलिया भी है जो पूरी तरह से टूट चुकी है। जिसके कारण किसान अपने ट्रैक्टर-ट्राली पर गन्ना लाद कर कई किलोमीटर घूम कर क्रय केंद्र पर पहुंचते हैं। जिससे उन्हें 1500 रुपये किराया देना पड़ता है। किसानों का कहना है कि यदि यह पुलिया होती तो हमें 500 रुपये ही किराया देना पड़ता। किसानों ने कहा कि यदि हमारी मांग पूरी नहीं होगी तो हम क्रय केंद्र पर भूख हड़ताल करेंगे। वहीं किसानों ने बताया कि गन्ना विभाग एक ही नंबर से कई गन्ना किसानों को पर्ची जारी कर रहा है। नाम की पर्ची आने के बाद किसान गन्ना कटवा दिए लेकिन जब वह क्रय केंद्र पर पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम से पहले ही चेक बन चुका है। इसी लेकर किसान काफी परेशान हैं। किसानों ने मांग की गन्ना पर्ची संख्या बढ़ाई जाए और क्रय केंद्र से लदान भी बढ़ाई जाए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य हरिकेश यादव, जितेंद्र राय, रामचरण यादव पूर्व प्रधान, राम बचन यादव, सूबेदार तिवारी, श्यामा, मुल्लूर, लालचंद, विनय, सोनू, मोती, रमेश, द्वारिका, राजबहादुर, रिंकू, राम अवतार सिंह, विजय सिंह, हरिहर राय, प्रवीण, राजेंद्र, आदि लोग मौजूद रहे।