आजमगढ़ में छात्र की हत्याः तेरही भोज में शामिल होने गया था, सुबह सड़क किनारे मिला शव, गले पर रस्सी के निशान
युवक का मोबाइल ऑफ होने पर छोटे भाई ने दोस्त के मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि वह टहलने गया है। थोड़ी देर बाद उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ में एक छात्र की हत्या कर उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। युवक अपने ननिहाल में छोटे भाई के साथ रहता था और गांधी पीजी कालेज मालटारी में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। बेरमा गांव निवासी विशाल यादव (20) पुत्र जवाहर यादव के माता-पिता रोजीरोटी के लिए दिल्ली रहते हैं।
इसके चलते विशाल अपने छोटे भाई अभिषेक के साथ ननिहाल कंधरापुर थाना के दुल्लापार गांव में रहता था। नाना छविलाल के यहां रह कर दोनों भाई पढ़ाई करते थे। विशाल गांधी पीजी कालेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। शनिवार को बेरमा गांव में किसी के यहां तेरही भोज था जिसमें शामिल होने के लिए दोनों भाई बेरमा गांव गए हुए थे।
विशाल के साथ उसका दोस्त अमन सिंह भी गया था। तेरही भोज में शामिल होने के बाद विशाल अमन के साथ ननिहाल के लिए निकल गया। जबकि छोटा भाई अभिषेक बेरमा में ही रुक गया। सुबह विशाल का शव कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुल्लापार के पास से गुजरे सिक्स लेन पर पड़ा मिला।
परिजनों में कोहराम
गले में रस्सी से दबाने का निशान भी था। विशाल का मोबाइल ऑफ होने पर अभिषेक ने अमन के मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि विशाल टहलने गया है। वहीं कुछ देर बाद लोगों ने विशाल का शव सड़क पर पड़ा देखा और सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस विशाल के मित्र अमन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई है।