आजमगढ़ः सैंपलिंग की धीमी रफ्तार कहीं बढ़ा न दे मुसीबत, 50 लाख की आबादी, डेढ़ लाख प्रवासी और नमूने लिए चार हजार
- अनलॉक-1 की शुरूआत के साथ ही सैंपलिंग की रफ्तार भी धीमे होने लगी है। वहीं नए पॉजिटिव मरीजों के मिलने की रफ्तार बढ़ी है।
- 22 मार्च से 31 मई तक जिले में 94 पॉजिटिव मरीज मिले थे वहीं 1 जून से 12 जून तक 70 नए पॉजिटिव सामने आ चुके है।
- एक जून को 131, दो जून को 133, तीन जून को 88, चार जून को 90, पांच को 120, छह को 58, सात को 47, आठ को 94, नौ को 118, 10 को 60 व 11 को 62 संदिग्धों के सैंपल लिए गए।
विस्तार
आजमगढ़ में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है तो वहीं संदिग्धों के सैंपलिंग की गति धीमी हो चली है। सैंपलिंग की कवायद में धीमी रफ्तार कहीं जनपद के लोगों के लिए बड़ी मुसीबत का कारण न बन जाए। इसे लेकर लोगों में जहां चिंता है तो वहीं स्वास्थ्य विभाग फिलहाल ऐसा कुछ होने की बात मानने को तैयार नहीं है।
लॉकडाउन के दौरान स्वास्थ्य महकमा भी पूरी तरह से सक्रिय था, जिला प्रशासन की भी स्वास्थ्य महकमें पर पैनी नजर थी, जिसका परिणाम था कि लगातार संदिग्धों की सैंपलिंग की जा रही थी, कांटैक्ट के साथ ही रैडम आधार पर भी सैंपलिंग कराई जा रही थी, जिसके चलते सैंपलिंग की संख्या लगातार बढ़ रही थी, लेकिन लॉकडाउन की समाप्ति व अनलॉक-1 की शुरूआत के साथ ही सैंपलिंग की रफ्तार भी धीमे होने लगी है।
वहीं नए पॉजिटिव मरीजों के मिलने की रफ्तार बढ़ी है। 22 मार्च से 31 मई तक जिले में 94 पॉजिटिव मरीज मिले थे वहीं 1 जून से 12 जून तक 70 नए पॉजिटिव सामने आ चुके है। 31 मई तक स्वास्थ्य विभाग ने कुल 2918 संदिग्धों के सैंपल लिए थे। वहीं 1 जून से 11 जून तक 1001 सैंपल लिए गए।
एक जून को 131, दो जून को 133, तीन जून को 88, चार जून को 90, पांच को 120, छह को 58, सात को 47, आठ को 94, नौ को 118, 10 को 60 व 11 को 62 संदिग्धों के सैंपल लिए गए। जिले की आबादी 50 लाख से अधिक है और डेढ़ लाख से अधिक प्रवासी श्रमिकों की जिले में वापसी हुई है। ऐसे में जिले में सैंपलिंग की जो रफ्तार है वह काफी कम है और यह कभी भी जिले के लिए बड़ी परेशानी का कारण भी बन सकता है।
जल्द क्षेत्रवार शुरू कराई जाएगी सैंपलिंग
क्षेत्रवार सैंपलिंग कराने की योजना शासन की है और शासनादेश आने का इंतजार हो रहा है तो वहीं स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग ने शासन के आने वाले दिशा निर्देशों तहत वृद्धाश्रम पर रहने वाले वृद्धो की सैंपलिंग कराई।
सैंपलिंग में किसी तरह की लापरवाही नहीं हो रही है, कांट्रैक्ट के साथ ही रेंडम आधार पर भी सैंपलिंग कराई जा रही है। शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से अनुपालन हो रहा है और उसमें किसी तरह की कोताही विभाग नहीं बरत रहा है।
डॉ. एके मिश्रा, सीएमओ, आजमगढ़।