आजमगढ़। स्वाट टीम व जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को बेरमा पुलिया बागखालिस के पास छह बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पिस्टल, रिवाल्वर, तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में एक जीयनपुर के जनप्रतिनिधि का भाई है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर नंद कुमार तिवारी व स्वाट टीम द्वितीय के प्रभारी उ.नि श्रीप्रकाश शुक्ला दलबल के साथ बृहस्पतिवार दोपहर क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद अपराह्न एक बजे के करीब पुलिया बेरमा बागखालिस के पास लूट की योजना बना रहे छह बदमाशों को असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी कृपा शंकर यादव, मानिकपुर के संजय यादव, मुबारकपुर के गुर्जरपार गांव निवासी शिव कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ बबलू, हिमांशु सिंह व असाउदर गांव निवासी मो. सैफ शामिल हैं। तलाशी में कृपा शंकर के पास से एक पिस्टल, 32 बोर व दो कारतूस 32 बरामद वहीं मो. सैफ के पास से एक रिवाल्वर व दो कारतूस, शिव कुमार सिंह के पास से एक तमंचा व एक कारतूस, संजय यादव के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, अभिषेक कुमार उर्फ बबलू के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। जांच पड़ताल के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।