स्टेशनरी का होलसेल में सामान मंगाने के नाम पर एक व्यापारी को 3.32 लाख का चूना लगा है। पांच अलग-अलग लोगों के खाते में पैसा डालने के बाद अब तक न तो व्यापारी को सामान की डिलेवरी हुई, न ही पैसा ही वापस हुआ। इतना ही नहीं अब तो सभी आरोपी अपना-अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिए है। पीड़ित व्यापारी ने पांच के खिलाफ कंधरापुर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
पुलिस को दी तहरीर में कंधरापुर थाना क्षेत्र के मिरिया गांव निवासी राम प्रकाश राय ने बताया कि वह स्टेशनरी का कारोबारी है। स्टेशनरी का सामान वह बाहर से होलसेल में मंगाता है। इसी बीच गौरव आदिचार्य निवासी जयपुर राजस्थान से उसका ऑनलाइन संपर्क हुआ। गौरव ने स्टेशनरी का सामान उपलब्ध कराने की बात कही। इसके बाद उसने गौरव के कहने पर अंजली शर्मा के खाते में 25 हजार, जितेंद्र कुमार के खाते में 71 हजार, अनुलोम के खाते में 1.83 लाख, दीपेश के खाते में 30 हजार व समर्थदास के खाते में 14 हजार रुपये सामान के लिए भेज दिया। तीन माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी उसे कोई सामान सप्लाई नहीं हुआ। इतना ही नहीं उक्त लोगों ने अब अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया है, जिससे प्रतीत होता है कि उक्त लोगों ने मिल कर सामान सप्लाई करने के नाम पर कुल 3.32 लाख का चूना लगा दिया है। पीड़ित ने तहरीर में गौरव, अंजली, जितेंद्र, अनुलोम, समर्थदास व दीपेश को नामजद किया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच की कवायद में जुटी है।