मतदान के लिए पहली बार बनाए गए सखी बूथों को दुल्हन की तरह सजाया गया। प्रवेश द्वार को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। सेल्फी सेंटर भी बने थे। मतदान करने के लिए आने वाली महिलाएं मतदान को लेकर उत्साहित रहीं। मतदान के बाद उनमें सेल्फी लेने की होड़ रही। जिले की दस विधानसभाओं में दस मतदान केंद्र ऐसे थे, जहां पीठासीन, प्रथम, द्वितीय और तृतीय कर्मचारी के रूप में महिलाएं ही तैनात की गई थीं।
शिब्ली नेशनल डिग्री कालेज को भी सखी बूथ बनाया गया था। जहां रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। सखी बूथों पर मतदान करने आईं महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। इसी तरह अतरौलिया के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बूढ़नपुर, प्रा. विद्यालय महराजगंज, विधानसभा सगड़ी के प्राथमिक विद्यालय जीयनपुर, मुबारकपुर विधानसभा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैठौली, विधानसभा क्षेत्र निजामाबाद में जनता इंटर कालेज, फूलपुर पवई विधानसभा में टाए. कार्यालय फूलपुर, दीदारगंज विधानसभा में खंड शिक्षा कार्यालय मार्टीनगंज, लालगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रा. वि. लालगंज, मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रा.वि. करौती में अलग-अलग स्थानों पर सखी बूथ बनाया गया था। यहां भी सभी मतदान कार्मिक महिलाएं थीं। घूंघट में वोट देने के लिए आने वाली महिला वोटर महिला कर्मचारियों को देखकर मुस्करा उठती थीं और घूंघट उठाकर मतदान करती रहीं। सखी बूथों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे। महिलाएं और पुरुष मतदान कर बाहर आने के बाद सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेते रहे। सेल्फी प्वाइंट पर लिखा था, मैने भी किया मतदान, मतदाता बाहर आने के बाद अंगुली की अमिट स्याही दिखाकर फोटो खिंचवाते रहे।