UP: मुठभेड़ को दुर्घटना की रिपोर्ट बनाने का दबाव, चिकित्सक ने किया साफ इंकार; बदमाश के पैर से निकली दो गोली
Azamgarh News: आजमगढ़ के जिला अस्पताल में पुलिस एक बदमाश को लेकर पहुंची थी। इसे सुबह हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार किया गया था। दूसरी तरफ, पुलिस चिकित्सक पर दुर्घटना की रिपोर्ट बनाने का दबाव डाल रही थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Crime News: रविवार की सुबह पौने 10 बजे पुलिस ने जिला अस्पताल में जिसे दुर्घटना में घायल बताकर भर्ती कराया, डॉक्टरों के ऑपरेशन में उसके पैर से दो गोली निकली। डॉक्टर ने कहा कि पुलिस ने उन पर दुर्घटना की रिपोर्ट बनाने का दबाव बना रही थी, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। मरीज की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
रविवार की सुबह आनन-फानन पुलिस अपनी गाड़ी से जौनपुर जिले के पटइला खुरहट निवासी मु. परवेज (40) को दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बताकर जिला अस्पताल में भर्ती कराई। चिकित्सक ने उसे घायल मानकर उसका उपचार शुरू किया। लेकिन, पैर में कमर के पास गंभीर चोट देख जब इमरजेंसी के चिकित्सक ने घाव की सफाई शुरू की तो उसमें से दो गोलियां निकली।
इसके बाद चिकित्सकों पर पुलिस ने दबाव बनाया कि वह मरीज को दुर्घटना में घायल होने की रिपोर्ट तैयार करे। लेकिन, चिकित्सक ने ऐसी रिपोर्ट देने से इंकार कर दिया। वहीं मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसका एक्सरे कराया और उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
काफी देर तक अस्पताल के चिकित्सक और पुलिस के बीच इस बात को लेकर किचकिच होती रही। अंतत: मौके पर पहुंचे नगर कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक मो. परवेज को हायर सेंटर भेजा।
पुलिस ने सुबह एक मरीज को दुर्घटना में घायल होने की बात कहकर भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान घायल की चोट से दो गोलियां निकली। इसके बाद पुलिस हम पर दुर्घटना में घायल होने की रिपोर्ट देने का दबाव बनाने लगी। लेकिन, हमने अपनी रिपोर्ट गन शाट दर्शाया है। - डा. महेंद्र कुमार, ईएमओ।
प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी में लिप्त अंतरजनपदीय अपराधी मुठभेड़ में गिरफ्तार
प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी में सक्रिय अंतरजनपदीय अपराधी परवेज को पुलिस ने बीती शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना कंधरापुर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, थाना कंधरापुर क्षेत्र के सेहदा टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया।
रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी परवेज पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित पशुओं से भरा एक ट्रक, एक चारपहिया डस्टर वाहन तथा अन्य सामग्री बरामद की है। पकड़ा गया परवेज आजमगढ़, जौनपुर, मिर्जापुर सहित कई जिलों में गो-तस्करी और प्रतिबंधित पशु वध से संबंधित गंभीर मुकदमों में वांछित बताया जा रहा है।
टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। बदमाश लखनऊ से बिहार की ओर प्रतिबंधित पशु ले जा रहे थे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो लग्जरी गाड़ी सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोतस्कर परवेज घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। - डॉ. अनिल कुमार, एसपी आजमगढ़।