सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के दाऊदपुर बखालिस बाजार स्थित एक मकान पर छापा मारकर लखनऊ एसटीएफ व जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। टीम ने मौके से 20 लाख कीमत की अवैध शराब बरामद की है। मौके से दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया जबकि दो अन्य भाग निकले।
एसटीएफ लखनऊ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जीयनपुर क्षेत्र में दाऊदपुर बखालिस बाजार स्थित बंद हो चुके राजपूत साड़ी सेंटर के भवन पर छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई। कुछ लोग मौके से भाग निकले। टीम ने मुबारकपुर के सिकंदरपुर बिंद मठिया निवासी वीरेंद्र सिंह और बसंतपुर के मनोज राजभर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर भवन के अंदर पांच ड्रम में भरी 1200 लीटर स्प्रिट, 30 पेटी बाम्बे ह्वीस्की, 3 पेटी देशी शराब अलावा 10 हजार से अधिक शीशियां, 16 हजार से अधिक ढक्कन, तीन पैकिंग मशीन, पांच पैकेट रंग, 20 किग्रा यूरिया आदि बरामद की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार व एसपी सुधीर कुमार सिंह ने भी मौका मुआयना किया। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आसपास के बाजारों और पड़ोसी जिलों में अवैध शराब की आपूर्ति करने की बात पता चली है। इसको देखते हुए आसपास की सभी शराब के दुकानों का सत्यापन कराया जा रहा है। यहां की शराब जहां भी मिलेगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बरामद अवैध शराब की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है। काफी दिनों से इस फैक्ट्री का संचालन हो रहा था। मुख्य कारोबारी पन्ना लाल है जो फरार हो गया है। इस अवैध कारोबार में और भी लोग शामिल हो सकते है। जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगा दी गई है।-सुधीर कुमार सिंह, एसपी