आजमगढ़: पुलिस एनकाउंटर में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश अंकुश गौतम है। जो 2020 से ही गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा है।
विस्तार
आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हैदराबाद में बुधवार रात पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने से जख्मी हो गया। गिरफ्त में आया बदमाश एक शातिर लुटेरा है। एसपी के निर्देश पर बुधवार की देर रात दीदारगंज थाना प्रभारी द्वारा हैदराबाद में वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
इस दौरान एक बाइक को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार ने पुलिस पर गोली चलाई और पुष्प नगर की ओर भागने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश अंकुश गौतम है। जो 2020 से ही गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा है। अंकुश एक शातिर लुटेरा है। उसके ऊपर नौ मामले दर्ज हैं। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
जौनपुरः मुठभेड़ में दो बदमाश और एक सिपाही घायल
एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष जलालपुर सत्यप्रकाश सिंह और स्वाट टीम के प्रभारी आदेश त्यागी मंगलवार की रात करीब 11 बजे सुरहुरपुर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी दोपहिया वाहन पर सवार दो लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। वाहन सवार करीब आते ही रफ्तार तेज कर भागने लगे।
सौरभ गुप्ता पर 12 मुकदमे दर्ज
पुलिस ने पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। नहोरा पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोलियां लगीं और सिपाही विकास सिंह घायल हो गए। पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मामूली रूप से घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एएसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में सेहमलपुर का सौरभ गुप्ता और बक्शा थाने के बढ़ारी धनियामऊ का रहने वाला रंजीत गौतम उर्फ राजा शामिल हैं। सौरभ पर बदलापुर, बक्शा, जलालपुर थाने में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं जबकि रंजीत पर जलालपुर और बक्शा थाने में लूट, प्राणघातक हमला के चार मुकदमे दर्ज हैं।