Azamgarh: झाड़-फूंक के बहाने चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, गहने खरीदने वाला सुनार भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस ने झाड़-फूंक के बहाने चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।
विस्तार
Azamgarh News: झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को बेहोश कर जेवरात व नकदी चोरी करने वाले तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का माल खरीदने और गलाने वाला एक सुनार भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी और तंत्र-मंत्र का सामान बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक महिलाओं को विश्वास में लेकर बेहोशी की दवा पिलाते या सुंघाते थे। इसके बाद वे उनके घरों से जेवरात और नकदी चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए जेवरात को सूरज वर्मा नामक सुनार सस्ते दामों में खरीदकर गला देता था।
कोतवाली थाना क्षेत्र की गुड़िया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक ने उसकी बेटी को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा दिया। बाद में उन्होंने गुड़िया, उसकी बेटी और बहन को बेहोश कर घर से जेवरात व नकदी चुरा ली। इसी तरह, रिजवान अहमद ने भी शिकायत की थी कि दो व्यक्तियों ने उसकी पत्नी को तंत्र-मंत्र का झांसा देकर बेहोश किया और जेवरात चोरी कर लिए।
एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को कोट तिराहा से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मोहम्मद आजम, अब्दुल राजिक और सूरज वर्मा शामिल हैं।
बरामदगी और पुलिस कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर दो मंगलसूत्र के लॉकेट और एक नाक की कील बरामद की है। इसके अलावा, 700 रुपये नकदी और आठ सिक्के भी मिले हैं। तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला एक मिट्टी का मटका, एक कांच की शीशी और करीब 150-200 ग्राम काली सरसों भी जब्त की गई है।