आजमगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व पूर्वांचल जोन प्रभारी अभिषेक दत्त ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बुनकरों, किसानों, ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
मुबारकपुर में आयोजित बुनकर समाज की बैठक में रोजगार, बिजली, बढ़ती लागत, कारोबार और आर्थिक कठिनाइयों से जुड़े मुद्दे उठे। अभिषेक दत्त ने कहा कि मुबारकपुर की बुनकरी आजमगढ़ की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कांग्रेस चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने में विश्वास रखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बुनकर बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित संपर्क कर जनसमस्याओं का फीडबैक संगठन तक पहुंचाने का आह्वान किया। लालगंज में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में बिजली, छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान, खाद की उपलब्धता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह उर्फ मुन्ना राय ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। शहर कांग्रेस की बैठक में वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान रियाजुल हसन, राहुल राय, राम गणेश प्रजापति, चंद्रपाल यादव, मुन्नू यादव आदि मौजूद रहे।