Mission 2024: यूपी में कैसे तय होगी विपक्षी एकता की राह? ओपी राजभर ने बताया प्रदेश में 70 सीटें जीतने का प्लान
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंचे। बेलनाडीह गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने विपक्षी एकता को मजबूत करने की वकालत की।
विस्तार
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर विपक्षी एकता को लेकर कई दलों के नेता कसरत कर रहे हैं। यूपी में विपक्षी एकता की राह कैसे तय होगी यह अभी तय नहीं है। इसी बीच सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि अगर सपा, बसपा, लोकदल, कांग्रेस, जदयू और हम एक साथ आ जाएं तो प्रदेश में 70 प्लस सीटें जीतेंगे।
ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को आजमगढ़ शहर से सटे बेलनाडीह गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह पूर्वांचल को अलग राज्य, जाति जनगणना की मांग पहले से कर रहे हैं। यह मांग अब भी जारी है। वर्ष 2024 के चुनाव में सत्ता या विपक्ष की तरफ जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस संबंध में उनकी किसी भी पार्टी से बात नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: पूर्वांचल की 27 सीटों को साधेंगे मोदी, काशी की 14 में से 12 और गोरखपुर की 13 में से 10 सीटें भाजपा के पास
विपक्ष में रहने पर ही पीडीए याद आता है
सात अक्तूबर को पटना में रैली है। उसके पहले या फिर उसके बाद अगर किसी पार्टी से बात बनती है तो इसकी जानकारी दी जाएगी। एनडीए के साथ ही पीडीए (विपक्षी एकता) के सवाल पर ओपी राजभर ने कहा कि विपक्ष में रहने पर ही पीडीए याद आता है।
पीडीए को मजबूत करना है तो कांग्रेस, सपा, बसपा, आरएलडी, जदयू को एक मंच पर आना होगा। अगर ऐसा होता है तो वह खुद उस मंच पर मौजूद रहेंगे। सब्जियों के बढ़े दामों पर उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में हर सब्जी का दाम बढ़ जाता है। यह हर साल का इतिहास रहा है।
'पुरुष करे तो रासलीला, महिला करे तो कैरेक्टर ढीला'
वहीं पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या के उसके पति से विवाद के संबंध में जब सवाल किया गया तो राजभर ने कहा कि अगर पुरुष करें तो रासलीला, महिला करे तो कैरेक्टर ढीला। एक महिला ने पति को छोड़ा तो पूरे देश में बवाल है। लेकिन लाखों पुरुषों ने महिलाओं को छोड़ा तो किसी की हिम्मत नहीं पड़ी बोलने की। इस पर विचार होना चाहिए। यह सोशल मीडिया की देन है। कुछ लोगों को कोई काम नहीं तो वे सोशल मीडिया में ही मजा लेते रहते हैं।