उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड की सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा का बुधवार को समापन हो गया। आखिरी दिन भी काफी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 819 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी दी। सचल दल और सेक्टर मजिस्ट्रेट ने परीक्षा केंद्रों का दौरा किया लेकिन अंतिम दिन भी कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। जनपद में मदरसा बोर्ड की परीक्षा 16 केंद्रों पर 17 मई से ही चल रही है। जिसमें सात यूपी बोर्ड के कॉलेजों व नौ मदरसों को परीक्षा केंद्र बनाया गया। बुधवार को सेकेंड्री और सीनियर सेकेंड्री की परीक्षा का अंतिम दिन था। सचल दल की प्रभारी व डीएमओ वर्षा अग्रवाल ने अपने सहयोगियों के साथ परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। लेकिन अंतिम दिन भी एक भी परीक्षार्थी नकल करते नहीं पकड़ा गया। सुबह की पाली में मुंशी, मौलवी की परीक्षा में कुल 2459 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से परीक्षा देने के लिए 1742 परीक्षार्थी आए, जबकि 717 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में सीनियर सेकेंड्री की कामिल की परीक्षा हुई। इसमें कुल 578 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 476 परीक्षार्थी शामिल हुए और 102 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सरायमीर: पंयातय इंटर कॉलेज खानपुर में चल रही मदरसा बोर्ड की परीक्षा में बुधवार को प्रथम पाली में मौलवी की जनरल हिंदी, गृह विज्ञान, विज्ञान की परीक्षा व द्वितीय पाली में आलिम की परीक्षा जनरल हिंदी, कामिल की परीक्षा उर्दू अदब तारीख ए इस्लाम की परीक्षा हुई। केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने बताया मदरसा बोर्ड की प्रथम पाली मौलवी, मुंशी की परीक्षा में कुल 371 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 301 परीक्षार्थियों ने उर्दू अदब की परीक्षा दिए। दूसरी पाली की परीक्षा में 182 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 142 परीक्षार्थी शामिल हुए।