सेठवल स्थित जेपीआर गर्ल्स कालेज की ओर से बाकीपुर गांव में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के विशिष्ट शिविर में शामिल छात्राओं ने रविवार को रैली निकालकर महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
रासेयो शिविर के पांचवें दिन छात्राओं ने गांव में साक्षरता अभियान के तहत रैली निकाली। घर-घर जाकर महिलाओं को शिक्षा का महत्व बताया। कहा कि वे अपने बेटों और बेटियों को अच्छी शिक्षा दं ेताकि वे कामयाब हो सकें। भोजनावकाश के बाद दूसरे सत्र में ‘राष्ट्रीय एकता में धर्म की भूमिका‘ विषय पर गोष्ठी हुई। इसमें मुख्य अतिथि टीडी कालेज जौनपुर के भौतिक विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. रामजी पाठक ने कहा कि महात्मा बुद्ध ने धर्म के माध्यम से संघ के शरण में संगठित होने की बात कही थी जो राष्ट्रीय एकता में भाईचारे का परिचायक है। प्रबंधक शैलेश कुमार राय एडवोकेट ने कहा कि राष्ट्रीय एकता एक मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया व एक भावना है। जो किसी भी राष्ट्र अथवा देश के आम लोगों में प्रेम सौहार्द व अपनत्व की भावना को प्रदर्शित करता है। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डा. दीपिका यादव ने किया। इस अवसर डा. अजय गौतम, डा. अनीता दूबे, रीना सिंह, सुषमा राय, भरत यादव, चंद्रेश यादव उपस्थित थे।