जहानागंज। ब्लॉक मोड़ स्थित डाकखाना पर आधार कार्ड बनाने और संशोधन करने का कार्य पिछले एक हफ्ते से चल रहा है। सोमवार सुबह सैकड़ों महिला व पुरुष आधार कार्ड बनवाने के लिए पोस्ट ऑफिस के सामने लंबी-लंबी कतारें लगाकर खड़े हो गए। आफिस खुलते ही भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने किसी तरीके से स्थिति संभाली और व्यवस्था बनाई।
तड़के चार बजे से ही लाइन में लगे लोगों को उम्मीद थी कि जब भी पोस्ट ऑफिस खुलेगा हमारा नंबर पहले आएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। पोस्ट ऑफिस खुलने के बाद फार्म वितरण करते हुए अलग-अलग दिन बुलाने के लिए कहा गया। संजय, राजू, मिथिलेश, पवन कुमार, संगीता, सुमन, नीरज आदि ने बताया कि पोस्ट ऑफिस खुलने के बाद भगदड़ सा माहौल हो गया। लोग लाइन तोड़कर फार्म लेने लगे। सूचना पाते ही थानाध्यक्ष ज्ञानू प्रिया मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल में किया। पुलिस ने लाइन लगाकर फार्म का वितरण करवाया। वहीं, पोस्ट मास्टर सच्चिदानंद यादव ने बताया कि 150 फार्म वितरित कराया है। एक दिन में पंद्रह से 20 लोगों का ही आधार कार्ड बनने की संभावना है।