Azamgarh: स्मिथ कॉलेज में शिक्षकों की कमी पर जेन अल्फा ने दिया धरना, 48 घंटे में दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी
Azamgarh News: स्मिथ कॉलेज में शिक्षकों की कमी पर जेन अल्फा ने धरना दिया। 48 घंटे में शिक्षकों की कमी पूरी न होने पर दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी दी।
विस्तार
अजमतगढ़ के स्मिथ इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी और फीस वसूली के विरोध में मंगलवार को जेन अल्फा (जन्म 2010 से 2024 के बीच) छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। नारे लिखे पोस्टर लेकर छात्र-छात्राओं ने भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित के अध्यापकों की तत्काल नियुक्ति की मांग की। प्रधानाचार्य ने 48 घंटे में शिक्षकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन समाप्त हुआ। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों की कमी पूरी नहीं होती है तो वे दोबारा प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
सुबह करीब सात बजे कॉलेज के बाहर गेट पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में पोस्टर लेकर जुट गए और करीब दो घंटे तक नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि कॉलेज में जून से भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के अध्यापक नहीं हैं। करीब नौ साल से गणित के प्रवक्ता नहीं हैं। इससे इन विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कॉलेज में 1100 से अधिक छात्र-छात्राएं हैं और नए नामांकन हो रहे हैं। सवाल उठाया कि जब अध्यापक नहीं हैं तो इन विषयों के नाम पर प्रति छात्र 50 रुपये फीस क्यों ली जा रही है। उन्होंने मांग की कि शिक्षकों की नियुक्ति होने तक फीस न ली जाए।
प्रधानाचार्य रामनकुल राव ने फीस वसूली के आरोप से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि छात्रों से केवल सरकारी फीस ली जा रही है। वहीं, छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पर जीयनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस उप निरीक्षक श्यामजी यादव ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया पर छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
इसके बाद प्रधानाचार्य रामनकुल राव ने छात्रों को 48 घंटे के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने धरना खत्म कर दिया। प्रदर्शन के दौरान विद्यालय के प्रबंधक श्रीकांत गुप्त के मौके पर नहीं पहुंचने से छात्रों में नाराजगी थी। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि एक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की कमी को लेकर अवगत कराया गया था। इस शिकायत को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जा रही है।