आजमगढ़। बराक ओबामा के सलाहकार रहे जनपद निवासी फ्रैंक इस्लाम अमेरिकी चुनाव में नेशनल फाइनेंस कमेटी का हिस्सा हैं। उनका नाम जो बाइडन की ओर से जारी 800 लोगों की उस सूची में शामिल है जिन्होंने उन्हें एक लाख डालर से अधिक की मदद चुनाव में की है। फ्रैंक इस्लाम बाइडन के समर्थन में अपने आवास पर देश के लोगों की तीन से चार मीटिंगों का आयोजन कर चुके हैं।
जनपद के नंदांव गांव निवासी फ्रैंक इस्लाम आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वर्तमान में अमेरिका में चल रहे चुनाव में वे बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। फ्रैंक इस्लाम को इस बार चुनाव में नेशनल फाइनेंस कमेटी का हिस्सा बनाया गया है। वह बाइडन के चुनाव के फंड जुटाने का कार्य कर रहे हैं। अब तक इनके द्वारा 10 लाख डालर का फंड जमा किया जा चुका है। फंड जमा करने के साथ ही बाइडन के लिए अपने आवास पर अपने देश के लोगों की तीन-चार मीटिंग भी कर चुके हैं, जिसमें खुद बाइडन शामिल होकर लोगों से बात की। बाइडन को मिल रही सफलता और उनकी जीत की संभावना को देखते हुए फ्रैंक इस्लाम को जानने वालों में हर्ष व्याप्त है। अपने वीडियो मैसेज में फेंक इस्लाम ने कहा कि मैं मैरीलैंड डेमोक्रेटिक पार्टी के ट्रस्टी पद पर हूं। लेकिन मेरे पास सभी मैरीलैंड राज्य की जिम्मेदारी नहीं है। मैैं वीपी बाइडन की राष्ट्रीय वित्त टीम का हिस्सा हूं। उन्हें अगले राष्ट्रपति के रूप में चुनने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं।