यूपी: आजमगढ़ के मंदिर से चोरी हुई चार किलो की चांदी की प्रतिमा, 500 ग्राम का मुकुट भी गायब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में अहरौला थाना क्षेत्र के अरूसा गांव स्थित दुर्गा मंदिर से चोरों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने गर्भगृह का ताला तोड़ कर मंदिर में स्थापित चांदी की प्रतिमा के साथ ही चांदी का मुकुट उठा ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आलाधिकारियों के साथ ही डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के अरूसा गांव में तमसा नदी के तट पर दुर्गा माता का मंदिर है। मंदिर की देखरेख पड़ोसी गांव के लालचंद राजभर करते है। मंदिर की स्थापना 1984 में हुई थी और इसमे लगभग साढ़े चार किग्रा चांदी की मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित थी।
एक और प्रतिमा संगमरमर की स्थापित थी, जिस पर 500 ग्राम चांदी का मुकुट चढ़ा हुआ था। रोज की भांति मंदिर की देखरेख करने वाले लालचंद शुक्रवार की देर शाम मंदिर के गर्भगृह का कपाट बंद कर घर चले गए। शुक्रवार की सुबह वे मंदिर का कपाट खोलने के लिए पहुंचे तो दरवाजा खुला हुआ था।
अंदर जाकर देखने पर चांदी की प्रतिमा व मुकुट गायब था। मंदिर से प्रतिमा चोरी के घटना की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। गांव निवासी शंभू सिंह, राजाराम सिंह, सत्यनारायण सिंह, निवर्तमान प्रधान मलखान सिंह आदि ने बताया कि मंदिर र कोई स्थाई पुजारी नहीं नियुक्त है।
हर शनिवार को यहां सुंदरकांड का पाठ भी ग्रामीणों द्वारा ही कराया जाता है। ग्रामीणों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी तो महकमे में हड़कंप मच गया। एसओ श्रीप्रकाश शुक्ला आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए। उनकी सूचना पर एसडीएम बूढ़नपुर अरविंद सिंह व सीओ महेंद्र शुक्ला भी पहुंच गए।
इसके बाद जिले से फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच पड़ताल के लिए बुलाई गई। मंदिर के गर्भगृह से तीन सौ मीटर नदी के किनारे तक डॉक स्क्वायड जाकर लौट आया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
बूढ़नपुर के सीओ महेंद्र शुक्ला ने बताया कि चोरों की तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई है। एसओजी की टीम के माध्यम से मंदिर के आसपास से किए गए कॉल डिटेल आदि को सर्विलांस के माध्यम से ट्रेस कराया जा रहा है। जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा करने में पुलिस सफल होगी।