Action: आजमगढ़ जिले में पढ़ा रहे 10 फर्जी शिक्षकों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर, एसटीएफ ने की थी पहचान
एसटीएफ द्वारा आजमगढ़ जिले में फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी करने वाले 10 शिक्षकों की पहचान के बाद भी अभी तक उनके विरुद्ध एफआईआर नहीं दर्ज हुई है।
विस्तार
एसटीएफ द्वारा आजमगढ़ जिले में फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी करने वाले 10 शिक्षकों की पहचान के बाद भी अभी तक उनके विरुद्ध एफआईआर नहीं दर्ज हुई है। बेसिक शिक्षा के महानिदेशक ने बीएसए को दस फर्जी शिक्षकों की सूची भेजकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए निर्देश जारी किए हैं।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद ने पत्र जारी कर कहा है कि एसटीएफ द्वारा चिन्हित संदिग्ध शिक्षकों एवं कर्मचारियों के विरूद्घ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया था। लेकिन प्राथमिकी दर्ज कराने में थाने की पुलिस सहयोग नहीं कर रही है।
महानिदेशक की ओर से भेजी गई सूची में दस शिक्षकों का नाम शामिल हैं। जिसमें पू.मा. वि. जमीन दसावं ब्लाक संसाधन केंद्र अतरौलिया में सहायक अध्यापक नंद लाल, नेहा शुक्ला सहायक अध्यापक प्रा.वि. सीही विकासखंड सठियांव, प्रमोद कुमार सिंह सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय पिछौरा, राजा राम सहायह अध्यापक प्रा.वि. छीरीब्राह्मण, अजीत कुमार यादव, गोविंद पांडेय कंपोजिट विद्यालय फदगुदिया पवई, धीरज सिंह कश्यप सहायक अध्यापक प्रा.वि. गोमाडीह ठेकमा शामिल हैं।
वहीं अविनाश प्रजापति सहायक अध्यापक प्रा.वि. भटपुरवा पठकौली अतरौलिया, राजेश कुमार चौबे सहायक अध्यापक प्रा.वि. राजापट्टी अहरौला व आशुतोष सिंह सहायक अध्यापक प्रा. वि. नरायनपुर साउथ विकास खंड तरवां का नाम शामिल है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि एसआईटी की जांच में कई शिक्षक फर्जी पाए गए थे। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं।
दो प्रधानाध्यापक समेत चार शिक्षक निलंबित
परिषदीय स्कूलों में तैनात शिक्षकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को विशेष अभियान संचालित हुआ। बीएसए ने शिक्षा क्षेत्र रानी की सराय के पूर्व माध्यमिक विद्यालय लछीरामपुर एवं कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय रुदरी का निरीक्षण किया। दोनों विद्यालयों पर समय से 8 बजे तक कोई अध्यापक उपस्थित नहीं मिला।
बीएसए ने दोनों विद्यालयों के दो प्रधानाध्यापक समेत तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया। वहीं अन्य ब्लकों में बीईओ व जिला समन्वयक द्वारा की गई जांच में कुल 52 शिक्षक अनुपस्थित मिले। जिनका एक दिन का वेतन बाधित करते हुए सभी से लिखित जवाब मांगा है।
बीएसए अतुल कुमार सिंह के साथ सभी जिला समन्वयक व खंड शिक्षाधिकारियों ने अलग-अलग स्कूलों की जांच की। जांच के दौरान बच्चों का शैक्षिक स्तर देखा तो एमडीएम में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता के साथ अन्य योजनाओं का भी परीक्षण किया। बीएसए अतुल कुमार सिंह ने शिक्षा क्षेत्र रानी की सराय के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय रूदरी का निरीक्षण किया, जहां कोई उपस्थित नहीं था।
जिसे लेकर प्रधानाध्यापक बृज भानुजा व सहायक अध्यापक मीनाक्षी राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यही हाल पूर्व माध्यमिक विद्यालय लछिरामपुर में भी मिला। बीएसए ने प्रधानाध्यापक ललिता कुमारी व सहायक अध्यापक राना परवीन व संजीव कुमार राय को निलंबित कर दिया। वहीं समस्त बीईओ व जिला समन्वयक समग्र शिक्षा द्वारा जांच में कुल 52 शिक्षक अनुपस्थित मिले। जिनका एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। बीएसए ने बताया कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी