आजमगढ़। धान खरीद सोमवार को शुरू हो गई। सचिवों की हड़ताल के कारण तमाम क्रय केंद्र खुले ही नहीं थे, जो केंद्र खुले थे, उनमें किसान धान लेकर नहीं पहुंचे। क्रय केंद्र जहानागंज के प्रभारी अशोक कुमार मेहता ने बताया कि 102 लोगों ने पंजीकरण कराया है लेकिन कोई धान लेकर नहीं आया। मार्टीनगंज के अनुुसार विपणन केंद्र कवरागहनी, साधन सहकारी समिति वनगांव, नरवें, लसड़ाकला तथा कुर्थुवां आधी-अधूरी तैयारी के साथ खोले गए। सहायक विकास अधिकारी सहकारिता जुल्फिकार अली ने बताया कि क्रय केंद्रों पर दो-दो इलक्ट्रानिक कांटे भेजे गे हैं लेकिन उनकी सेटिंग नहीं हुई है और पर्याप्त बोरियां भी नहीं आई हैं। अतरौलिया के केंद्र प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि बूढ़नपुर तहसील में 1421 एवं अतरौलिया ब्लॉक में 656 किसानों ने पंजीकरण कराया है। एदिलपुर और अतरौलिया में केंद्र बनाए गए हैं। मेंहनगर विकास खंड में छह विपणन केंद्र ही खुले थे। केंद्रों पर पंजीकरण कराने तमाम किसान पहुंच गए और हंगामा करने लगे। विपणन अधिकारी गायत्री सिंह ने बताया कि स्थिति संभालने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। पांच सौ किसानों के पंजीकरण के कागज लिए गए। पांच साधन सहकारी समितियों पर ताले लटके थे। मेंहनगर केंद्र प्रभारी भरत यादव ने बताया कि सभी केंद्रों प्रभारी लखनऊ में धरना देने गए है और 15 नवंबर तक हड़ताल पर रहेंगे। फूलपुर तहसील क्षेत्र के एएमओ मायाशंकर ने बताया कि पवई, सुंभाडीह, खरसहन कला, पारा और फूलपुर में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। सरायमीर में पहले दिन 12 किसानों ने पंजीकरण कराया। अमिलो राजकीय धान क्रय केंद्र पर कोई खरीद नहीं हुई। अहरौला क्षेत्र के हंसामतलूबपुर क्रय केंद्र पर दोपहर तक पांच किसान पहुंचे लेकिन केंद्र प्रभारी अरूण यादव उपलब्ध नहीं थे।