आजमगढ़ में मुठभेड़ः 25-25 हजार के इनामी दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, पुलिस को चकमा देकर एक फरार
पहली मुठभेड़ मेंहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुआ स्थित महादेव मंदिर के पास जबकि दूसरी पवई थाना क्षेत्र के खंडौरा गांव के पास हुई। दोनों घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मेंहनगर व पवई थाना क्षेत्रों में बुधवार की देर रात हुई मुठभेड़ में 25-25 हजार के इनामी दो बदमाश घायल होकर पुलिस की गिरफ्त में आ गए वहीं एक अन्य मौके से भाग निकलने में सफल रहा। घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली मुठभेड़ मेंहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुआ स्थित महादेव मंदिर के पास हुई। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बरदह थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बऊवापार में हुए दोहरे हत्याकांड का आरोपी राजन सिंह पुत्र अशोक सिंह मेंहनगर क्षेत्र में है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचा है।
इस सूचना पर एसओ बरदह विनय मिश्रा व एसओ मेंहनगर सुनील चंद तिवारी खरिहानी मार्ग पर पहुंच गए। बाइक सवार एक व्यक्ति आता हुआ दिखा, पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। करनेहुआ स्थित महादेव मंदिर के पास पुलिस ने दोनों तक से उसे घेर लिया। इस पर बाइक सवार बदमाश खुद को दोनों तरफ से घिरा देख पुलिस पर फायर करने लगा। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग किया तो एक गोली बदमाश के बांये पैर में लग गई।
वहीं दूसरी मुठभेड़ पवई थाना क्षेत्र के खंडौरा गांव के पास हुई। पवई थाना पुलिस रात में पहाड़पुर पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार दो बदमाश आते दिखे, जिन्हें रूकने का इशारा किया गया तो वे खंडौरा की तरफ भागने लगे। पवई पुलिस पीछे लग गई और सूचना जनपद नियंत्रण कक्ष को दे दिया। जिस पर एसओ बिलरियागंज दूसरी तरफ से बदमाश को घेरने लगे।
खंडौरा गांव के पास बाइक सवार बदमाश दोनों तरफ से घिर जाने पर पुलिस टीम पर फायर करने लगे। जिस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग किया। जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया जबकि दूसरा मौके से अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान नदीम पुत्र अकरम निवासी देवापार थाना जीयनपुर के रूप में हुई।
वह मुबाकरपुर थाने से 25 हजार का इनामी था और पहले से उस पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। नदीम के पास से पुलिस ने तमंचा व बाइक बरामद किया है। फरार साथी का नाम उसने मुन्ना नोना पुत्र राजाराम निवासी माहुल थाना अहरौला बताया। दोनों घायल बदमाशों को पुलिस ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लग गई है।