बूढ़नपुर। कोयलसा ब्लाक के कौड़िया में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का निराकरण न हुआ तो वे ब्लाक का घेराव करने को बाध्य होंगे।
गांव के लोगों ने बताया कि ग्राम सभा में जल निकासी की समस्या है। जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। जिससे आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार प्रधान और ब्लाक के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। हम लोगों को जब भी घर से बाहर निकलना होता है तो घुटने से ऊपर कपड़े कर जाना पड़ता है। बारिश के समय तो घर से बाहर निकलना दुश्वार हो जाता है। प्रदर्शन करने वालों में रामाश्रय, जयप्रकाश, नारायण, बहादुर लालजी, ओमप्रकाश, श्याम नारायण, कोमल, रामप्रसाद, रामदरस, सुमन, गीता आदि ग्रामीण मौजूद रहे।