Azamgarh: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर संदिग्ध हाल में मिला युवक का शव, तमिलनाडु से आए ट्रक के खलासी की मौत
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना अंतर्गत बम्हौर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक युवक का शव संदिग्धावस्था में मिला। रानी की सराय थाना अंतर्गत बेलइसा मंडी में शनिवार रात नारियल लेकर पहुंचे एक ट्रक के खलासी की संदिग्धावस्था में मौत हो गई।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना अंतर्गत बम्हौर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक युवक का शव संदिग्धावस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त विशाल कुमार (18) निवासी झांसी जिले के चेरवा थाना अंतर्गत करगवा गांव निवासी के तौर पर की। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की सूचना दी।
परिजनों से ज्ञात हुआ कि विशाल रोजी-रोटी के लिए बलिया रहता था। जहां वह ठेला पर फुल्की व चाट बेचता था। परिजनों ने यह भी बताया कि उसने घर आने की सूचना मोबाइल पर दी। परिजन उसके घर आने का इंतजार कर रहे थे। अचानक मौत की सूचना परिजनों को मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
परिजन भी झांसी से आजमगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं। विशाल दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। विशाल की हत्या हुई है अथवा हादसे में मौत हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। एसओ मुबारकपुर राजेश कुमार ने बताया कि सिर में चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण ज्ञात हो सकेगा।
नारियल लदे ट्रक के साथ खलासी आया था बेलइसा मंडी
रानी की सराय थाना अंतर्गत बेलइसा मंडी में शनिवार रात नारियल लेकर पहुंचे एक ट्रक के खलासी की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तमिलनाडु के संगेरी जिला अंतर्गत कूपनूर थाना क्षेत्र के सत्यानगर गांव निवासी रणजीत (40) ट्रक पर खलासी का काम करता था। शनिवार रात वह तमिलनाडु से नारियल लदे ट्रक से आजमगढ़ के बेलइसा मंडी आया था। रात में वह मंडी परिसर में ही खड़े ट्रक के उपर सो गया था।
सुबह देर तक नहीं उठा तो ट्रक चालक उसे जगाने गया, जहां वह मृत हाल में पड़ा था। सूचना पर रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवा दिया। खलासी की मौत कैसे हुई है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इस बाबत पूछे जाने पर पुलिस कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।