UP: बदमाश का हाफ एनकाउंटर...दाैड़ाकर मारी गोली, कनपटी पर असलहा सटाकर मांगी थी रंगदारी; साथी भाग निकला
UP Encounter News: आजमगढ़ की पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी भाग निकला। बदमाश क्लीनिक संचालक से रंगदारी मांगने का आरोपी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ में थाना अहरौला क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी वांछित हिस्ट्रीशीटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई है।
सीओ बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार की देर रात थाना अहरौला पुलिस रात्रि गश्त व संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त शेरा सिंह यादव उर्फ शेरू यादव अपने साथी अंगद यादव के साथ मोटरसाइकिल से गहजी पश्चिम पट्टी होते हुए दुर्वासा की ओर जा रहा है। सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम ने ग्राम पश्चिम पट्टी महलिया के पास घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही बाइक सवार अभियुक्तों ने असलहा लहराते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में शेरा सिंह यादव उर्फ शेरू यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका साथी अंगद यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल अभियुक्त की पहचान शेरा सिंह यादव उर्फ शेरू यादव निवासी ग्राम कोर्राघाटमपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह थाना अहरौला का हिस्ट्रीशीटर और 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
रंगदारी मामले में था फरार
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ एक नवंबर 2025 को माहुल बाजार स्थित नवनीत क्लीनिक के संचालक डॉ. बीरेंद्र कुमार प्रजापति से कनपटी पर असलहा लगाकर दो लाख रुपये रंगदारी मांगने और विरोध करने पर सिर पर असलहे की मुठिया से वार करने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में वह फरार चल रहा था। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, और 540 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कई मुकदमे दर्ज हैं
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ लूट, रंगदारी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मुठभेड़ में फरार हुए अंगद यादव, निवासी ग्राम कोर्राघाटमपुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।