मुठभेड़ में पुलिस ने तीन बदमाश किए गिरफ्तार, चार फरार, लूट के सामान बरामद
एसपी त्रिवेणी सिंह के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों में कप्तानगंज थाने के खलीफतपुर गांव निवासी प्रवीण कुमार पांडेय उर्फ मन्नू, मजीदपट्टी गांव निवासी राहुल मिश्रा और तहबरपुर थाने के इनारेपुर गांव निवासी ट्विंकल उर्फ विवेक यादव का नाम शामिल है।
एसपी के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर देवानंद को रविवार की रात मुखबिर के जरिए सूचना मिली तो वे पुलिस टीम के साथ बनहरा पुल के पास पहुंचे। पुलिस को देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि चकमा देकर चार बदमाश फरार हो गए।
गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूट के 17 हजार रुपये, लूट की दो बाइक, तमंचा, चार कारतूस, एक खोखा, 12 शीशी देशी शराब आदि बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे सभी बनहरा पुल के पास खड़े होकर एक व्यक्ति के घर डकैती डालने की योजना तैयार कर रहे थे। एसपी ने बताया कि यह सभी पेशेवर अपराधी हैं। अब तक कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। गिरफ्तार बदमाशों का चालान कर दिया गया।