निजामाबाद। तहसील क्षेत्र के लखमनपुर पट्टी गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को निजामाबाद तहसील पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने गांव के कुछ व्यक्तियों पर होलिका दहन की जमीन पर अवैध रुप से कब्जा करने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने तहसीलदार को बताया कि गांव के गाटा संख्या 613 में जिसका रकबा 0.022 हेक्टेयर है, लखमनपुर पट्टी बादल राय के होलिका दहन के खाते में दर्ज है। जिस पर हमेशा होलिका दहन गांव वासी करते हैं। गांव के कुछ लोगों द्वारा उस जमीन पर जबरदस्ती नींव खोदकर मकान बनाने के लिए तैयारी की जा रही है। जानकारी होने पर हम लोग उसे रोकने के लिए आज आपके पास आए हैं। तहसीलदार निजामाबाद ने राजस्व निरीक्षक लेखपाल और तहबरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक को हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल रोकने और उसकी पैमाइश करने का निर्देश दिया। साथ ही वह चिह्नित कर होलिका दहन की भूमि को अलग करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने कहा कि होलिका दहन की जमीन पर हम किसी भी कीमत पर अवैध कब्जा नहीं देंगे। अगर यह नहीं रूका तो हम अपनी आवाज को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर संतोष सरोज, राजेश्वरी, सिरपत्ती, इंद्रावती, सुखराशि, इंद्राज, सरोज, गुरु, सरोज, छोटेलाल, रामशरण, राजू सरोज, सरिता आदि उपस्थित थे।