{"_id":"5bef05edbdec226999177e57","slug":"141542391277-azamgarh-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सड़क हादसे में बड़े भाई की मौत, छोटा घायल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
सड़क हादसे में बड़े भाई की मौत, छोटा घायल
Updated Fri, 16 Nov 2018 11:35 PM IST
विज्ञापन
मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की देर शाम अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से बाइक सवार बड़े भाई की मौत हो गई। जबकि छोटा भाई घायल हो गया। उसका क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को अंजाम देकर भाग रही पिकअप को दीदारगंज थाने की पुलिस ने काफी दूर तक पीछा कर पकड़ लिया और फूलपुर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस केस दर्ज कर लाश पीएम को भेजवा दी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के गोसड़ी गांव निवासी राजेंद्र पांडेय (65) मुंबई बीएसटी से चालक के पद से रिटायर हुए थे। सेवानिवृत्त के बाद वह अपने घर पर रहते थे। गुरुवार को राजेंद्र पांडेय अपने चचेरे भाई सुरेंद्र चंद पांडेय (58) के साथ बाइक से महराजगंज थाना क्षेत्र के भैरवधाम पर गए हुए थे। वहां रिश्तेदार के बेटी को देखने के लिए लड़के वाले आने वाले थे। वहां का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों भाई एक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। घटना के समय बाइक सुरेश चला रहे थे। वह हेलमेट पहने हुए थे। जैसे ही बाइक फूलपुर कोतवाली के जगदीशपुर गांव में स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची कि पीछे से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक जहां क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दोनों भाई गंभीर रुप से घायल हो गए। लोग जब तक इन्हें अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुरेश का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा। उधर घटना को अंजाम देकर पिकअप चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। तभी पीछे से आ रहे एसओ दीदारगंज राजकुमार सिंह अपनी गाड़ी से उसका काफी दूरी तर पीछा कर पकड़ लिए और फूलपुर कोतवाली के हवाले कर दिया। राजेंद्र पांडेय पांच पुत्र और दो पुत्रियों के पिता थे।
विज्ञापन