{"_id":"5b956351867a557ec419828f","slug":"121536516945-azamgarh-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रौनापार क्षेत्र में धड़ल्ले से जारी है अवैध खनन","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
रौनापार क्षेत्र में धड़ल्ले से जारी है अवैध खनन
Updated Sun, 09 Sep 2018 11:52 PM IST
विज्ञापन
लाटघाट। शासन ने हर हाल में अवैध खनन पर रोक लगाने का निर्देश जारी कर रखा है लेकिन जनपद में इस निर्देश का कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है क्योंकि सगड़ी तहसील के रौनापार थाना क्षेत्र में धड़ल्ले से पुलिस की मिलीभगत से अवैध खनन का धंधा फलफूल रहा है। खनन विभाग इस पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। अधिकारी भी सब जानते हुए आंखें मूंदे हुए हैं। रौनापार थाना क्षेत्र के विशेन का पुरा, अराजी देवारा करखिया, करखिया, चांदपट्टी, बागई, हीरनई में धड़ल्ले से सफेद बालू का अवैध खनन जारी है। रौनापार थाना क्षेत्र के दर्जनों ऐसे खतियां हैं जहां से रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक अवैध खनन बेरोकटोक जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि पंद्रह सौ रुपया एक ट्राली पर खर्च होता है। इसके बाद बालू का खनन सही हो जाता है। एक ट्राली की बिक्री 3000 से 3500 रुपये में होती है। 1500 रुपए प्रशासन को देना पड़ता है। पुलिस और खनन विभाग की मिलीभगत से यह अवैध खनन बेरोकटोक चल रहा है। अवैध खनन का गोरखधंधा काफी दिनों से रौनापार थाना क्षेत्र में हो रहा है। खनन माफियाओं का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है। पुलिस पैसा लेकर खनन करा रही है। देवारा क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर कई बार बड़ा विवाद भी हो चुका है कई बार गोलियां भी चल चुकी हैं। बालू खनन का ठेका महुला के पास सहबदिया में हुआ है। इसके अलावा खनन का एक भी ठेका महुला से हैदराबाद तक नहीं है। सहबदिया में जो ठेका है। वह महुला गढ़वल बांध के उत्तर घाघरा नदी के बीच में था। जहां पानी लगा है और खनन बंद हो गया है। जबकि हाजीपुर से हैदराबाद के बीच करीब 20 ऐसी खंतियां हैं, जहां खनन किया जा रहा है। अवैध बालू का खनन रात में 11 बजे से लेकर सुबह छह बजे तक निर्बाध गति से होता है। अगर किसी ने बिना पुलिस के जानकारी में एक ट्राली भी निकालने का प्रयास किया तो पकड़ा गया। इससे लगता है कि पुलिस की मिलीभगत से ही अवैध खनन चल रहा है। रौनापार में अब तक करीब 45 दिन में दो बार अवैध खनन की गाड़ी पकड़ी गई। ग्रामीणों ने अवैध खनन की जानकारी एसपी ग्रामीण को भी दी थी। उन्होंने कहा था कि देखकर कार्रवाई करेंगे लेकिन अभी तक अवैध खनन पर रोक नहीं लग पाई है।
अवैध खनन के बारे में मुझे जानकारी नहीं है लेकिन अगर ऐसा है तो इसकी जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में जिले में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। - गुरु प्रसाद गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व
विज्ञापन
अवैध खनन के बारे में मुझे जानकारी नहीं है लेकिन अगर ऐसा है तो इसकी जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में जिले में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। - गुरु प्रसाद गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व
विज्ञापन