आजमगढ़। शहर से सटे कम्हेनपुर गांव के संपर्क मार्ग पर अंडरपास बनाए जाने की मांग लेकर जारी क्रमिक अनशन मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को क्रमिक अनशन में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। गांव के लालता राम ने बताया कि नदी, नाला और नेशनल हाइवे से घिरे कम्हेनपुर गांव के लोगों ने अंडर पास बनाए जाने को लेकर कई बार जिला प्रशासन को पत्रक सौंपा लेकिन पत्रक पर कोई अमल नहीं किया गया। जिसको लेकर ग्रामीण नाराज हैं। जिला प्रशासन अगर हमारी समस्याओं का निराकरण नहीं किया तो आगे आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने बताया कि कम्हेनपुर के पश्चिम तरफ तमसा नदी, उत्तर तरफ नाला, दक्षिण तरफ हाईवे का पुल और पूरब तरफ से गांव में आने वाले संपर्क मार्ग 815 पर राष्ट्रीय राज मार्ग 233 का निर्माण चल रहा है। गांव और प्राथमिक विद्यालय के बीच एनएच का निर्माण होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होगी। इस मौके पर बबलू नरेश, सच्चू, विशनधारी, सेवा, राधेश्याम, सुक्खू, खुन्नू, रामू, रामभजन, सलता, श्रीराम, हुलचंद, अनिल, बलराम,, लौटन, घुरहू, मनीष, राजेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।