आजमगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि प्रवासी मजदूरों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस ने 1000 वर्षों के चलाने के लिए अनुमति सरकार से चाही थी। प्रदेश सरकार राजनीति के चलते बसों के संचालन में अड़चनें पैदा कर रही है। कभी लखनऊ तो कभी गाजियाबाद के बॉर्डर पर बुलाया जाता है। कभी बसों के कागजात के नाम पर हिलाहवाली की जा रही है। प्रवासी मजदूर बिना खाए पीए बूढ़े और बच्चों के साथ सड़कों पर चिलचिलाती धूप में पैदल चल रहे हैं। उनकी इस भयावह स्थिति को देखकर कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें घर तक पहुंचाने के लिए सहयोग देने की पेशकश की थी। प्रदेश सरकार ने राजनीति के तहत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार भी कर लिया है। पार्टी ने मांग की कि बसों को चलाने की अनुमति प्रदान की जाए, प्रदेश अध्यक्ष को तत्काल बिना शर्त रिहा किया जाए, कांग्रेस पदाधिकारियों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए, प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए सुविधा उपलब्ध कराई जाए, दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 25 लाख और घायलों को कम से कम 10 लाख मुआवजा दिया जाए। इस मौके पर तेज बहादुर यादव, दिनेश यादव, सुरेश राजभर, सुरेंद्र सिंह, मुन्नू यादव, आशुतोष सिंह, मुन्नू मौर्य, अजीत राय, पुनीत राय, महेश श्रीवास्तव, शीला भारती आदि थे।