अहरौला। बिजली की अघोषित कटौती से परेशान व्यवसायी और किसानों ने शनिवार को समाजसेवी लक्ष्मी चौबे के नेतृत्व में अहरौला बाजार में विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन समाधान दिवस के प्रभारी अधिकारी तहसीलदार बूढ़नपुर शक्ति सिंह को सौंपा। सब स्टेशन रेडहा व गोपालगंज से क्षेत्र के दर्जनों गांवों में विद्युत की आपूर्ति होती है। एक तरफ जहां लोग भीषण गर्मी जूझ रहे हैं वहीं धान की रोपाई का काम चल रहा है लेकिन दोनों ही पहलुओं पर बिजली व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। किसान अघोषित कटौती से परेशान है वही व्यवसायी वही भीषण गर्मी में अपने व्यवसाय को लेकर बिजली की कटौती से परेशान चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी लगातार शिकायत विभाग के अधिकारियों व उर्जा मंत्री से की जा रही है बावजूद इसके व्यवस्था में सुधार नही हो पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत चेकिंग के लिए बनाई गई जांच टीम द्वारा गांवों में जांच के नाम पर मनमानी की जा रही है। कोई कुछ कह रहा है तो विभाग के कर्मचारी अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। इतना ही नही ग्रामीणों पर मुकदमा भी दर्ज करा दे रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अघोषित बिजली की कटोती से किसान, व्यापारी सभी का काम प्रभावित हो गया है क्योंकि आज के समय में सभी काम बिजली पर ही निर्धारित है। उर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपकर ग्रमीणों ने मांग किया कि अघोषित विद्युत कटौती बंद हो, जांच के नाम पर ग्रामीणों के साथ बदसलूकी और अभद्रता नाकी जाए। इस मौके पर दिनेश पांडेय, प्रिंस मिश्रा, रोहित पांडेय, रामजीत पांडेय, रंजीत गौतम, भोलानाथ, नागेंद्र, विजय यादव, अमरजीत यादव सहित आदि ग्रामीण मौजूद रहे।