फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Azamgarh News ›   Belahiya-Ajgara connecting road washed away by the Saryu's current; 20,000 people affected.

Azamgarh News: सरयू की धारा में बह गया बेलहिया-अजगरा संपर्क मार्ग, 20 हजार लोग प्रभावित

Mon, 24 Aug 2026 01:34 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Mon, 24 Aug 2026 01:34 AM IST
विज्ञापन
Belahiya-Ajgara connecting road washed away by the Saryu's current; 20,000 people affected.
बेलहिया-अजगरा मार्ग बहने से नदी की तेज धारा में पार करते ग्रामीण। संवाद
सगड़ी तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर भले ही घट रहा है पर पानी का बहाव तेज हो गया है। इसके चलते खरैलिया ढाला के पास बेलहिया-अजगरा संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होकर करीब 20 मीटर तक बह गया है। मार्ग पर बनी पुलिया भी तेज धारा की चपेट में है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जान को जोखिम में डालकर आते-जाते रहे। मार्ग बह जाने से करीब 20 हजार की आबादी के आवागमन पर संकट खड़ा हो गया है। रविवार की सुबह एसडीएम सगड़ी संजीव कुमार राय मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और चार नावें तैनात करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

बेलहिया-अजगरा संपर्क मार्ग अजगरा, अराजी अजगरा मगरवी, देवारा अचल सिंह, देवारा गरीब दुबे, देवारा करता राम, देवारा गोपाल दास, देवारा इस्माइलपुर, देवारा खास राजा, देवारा रामशरण दुबे और देवारा भिक्षुक दास सहित कई गांवों को जोड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2004 में तत्कालीन मंत्री रामप्यारे सिंह के प्रयास से करीब पांच लाख रुपये की लागत से यहां पुलिया का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2017 में पुलिया का एक हिस्सा धंस गया और 2019 में बाढ़ के पानी में पूरी तरह बह गया। इसके बाद ग्राम प्रधान की ओर से मनरेगा से करीब तीन लाख रुपये की लागत से 300 मीटर संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया था, जिसमें 18 पाइप डाले गए थे। वर्ष 2025-26 में सगड़ी विधायक डॉ. एचएन पटेल की ओर से 14 लाख रुपये से अधिक की लागत से संपर्क मार्ग का पुनर्निर्माण कराया गया।
विज्ञापन

अब सरयू के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव में यह मार्ग फिर कटने की स्थिति में पहुंच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो मार्ग पूरी तरह कट सकता है। इससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित होने के साथ आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा। दो दिन पहले भी देवारा खास राजा में करीब पांच लाख रुपये की लागत से बनी पुलिया बाढ़ की चपेट में आकर बह गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मार्ग और पुलिया को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

देवारा खास राजा में पुलिया बहने पर बीडीओ से स्पष्टीकरण तलब
पुलिया बहने पर पहुंचे एसडीएम बोले, जानबूझकर सरकारी धन का हुआ दुरुपयोग
लाटघाट। अमर उजाला में शनिवार को देवारा खास राजा के महाबल के पूर्व के पास खेत में बनी पुलिया बहने की खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार को उप जिलाधिकारी सगड़ी संजीव कुमार राय और तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। करीब 4.80 लाख रुपये की लागत से बनी पुलिया के बह जाने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया जान बूझकर सरकारी धन का दुरुपयोग किए जाने का मामला प्रतीत हो रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भेजने के साथ ही ब्लॉक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
एसडीएम और तहसीलदार करीब 50 मीटर तक बाढ़ के पानी से होकर पुलिया स्थल पर पहुंचे। मौके पर प्रधान प्रतिनिधि राम सिंगार यादव, पंचायत सचिव दीपक मौर्य समेत ग्रामीण मौजूद रहे। एसडीएम ने सचिव से पूछा कि बीडीओ हरैया आरके सिंह मौके पर निरीक्षण करने आए थे या नहीं। सचिव ने बताया कि बीडीओ अभी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने की बात कही। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने खरैलिया ढाला और जमुवारी बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया। बेलहिया ढाला के पास संपर्क मार्ग टूटने और पानी के तेज बहाव को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहां बाढ़ के पानी में नहा रहे कुछ युवकों को एसडीएम ने फटकार लगाते हुए हटाया। उन्होंने रौनापार थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि मौके पर तत्काल दो आरक्षियों की ड्यूटी लगाई जाए।
देवारा खास राजा में पुलिया बहने के मामले में प्रथम दृष्टया ब्लाॅक प्रशासन की गलती उजागर हो रही है। गलत जगह पुलिया बना दी गई। इसमें स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। बेलहिया-अजगरा संपर्क मार्ग के बहने पर वहां चार नावें लगा दी गई हैं। साथ ही पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। यहां अगर कोई नहाता हुआ पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। - संजीव कुमार राय, एसडीएम सगड़ी।
कई गांवों के लोगों के आने-जाने का यह प्रमुख मार्ग है। इसके बह जाने से एक दर्जन गांव के लोगों के समक्ष बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। जनप्रतिनिधि कभी इसकी सुधि नहीं लेते। माला देवी, निवासी अजगरा।

इस प्रमुख संपर्क मार्ग पर कभी खड़ंजा तो कभी इंटरलॉकिंग लगाई जाती है पर क्षेत्रीय लोगों को प्रतिवर्ष की बाढ़ में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। - कन्हैया यादव, निवासी अराजी अजगरा मगरवी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed