आजमगढः जेल में बढ़ रहीं मुख्तार अंसारी की मुश्किलें, पेशी के दौरान उत्पीड़न व सुविधाएं न मिलने का लगाया आरोप
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की जेल में मुश्किलें बढ़ रही हैं। सोमवार को गैंगस्टर कोर्ट में पेशी के दौरान जेल में उत्पीड़न और जेल मैनुअल के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया।
विस्तार
माफिया मुख्तार अंसारी की सोमवार को गैंगेस्टर कोर्ट (आजमगढ़) में पेशी हुई। इस दौरान मुख्तार ने जेल में उत्पीड़न और जेल मैनुअल के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया। पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई। इस मामले में सुनवाई की अगली तिथि 26 अगस्त नियत की गई है।
आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के ऐराखुर्द गांव में सड़क निर्माण के ठेके को लेकर मुख्तार गैंग ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर हमला किया था। इस घटना में ठेकेदार तो बाल-बाल बच गया लेकिन उसके दो मजदूरों को गोली लगी थी। जिसमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
इस मामले में तरवां थाने में मुख्तार अंसारी और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी घटना में मुख्तार व सहयोगियों पर गैंगेस्टर के तहत भी मुकदमा पंजीकृत किया गया। जब मुकदमा दर्ज हुआ तो उस समय मुख्तार पंजाब के रोपड़ जेल में बंद था।
वहां से प्रदेश के बांदा जेल पहुंचते ही जिले के गैंगेस्टर कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शुरू हो गई। सोमवार को पेशी के दौरान मुख्तार की ने जेल में उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जेल मैनुअल के हिसाब से टीवी आदि की सुविधा न दिए जाने का आरोप लगाया। अगली सुनवाई की तिथि 26 अगस्त तय की गई है।
जेल में सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में सुनवाई 28 को
मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना के क्षेत्र के गैंगस्टर एक्ट में बांदा जेल में निरुद्ध मुख्तार अंसारी को जेल मे टीवी उपलब्ध कराए जाने के मामले मे सोमवार को विशेष न्यायाधीश गैंगेस्टर एक्ट राम अवतार प्रसाद के न्यायालय में हुई। इस दौरान विशेष लोक अभियोजक ने आपत्ति दाखिल करने के लिए समय की मांग किया। जिस पर विशेष न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए 28 जुलाई की तिथि नियत किया।
दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में आरोपी बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह ने विशेष न्यायाधीश गैंगेस्टर एक्ट की कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि मुख्तार अंसारी न्यायिक अभिरक्षा में बांदा जेल में बंद है।
उन्हें जेल मे टीवी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाय। इसमे सोमवार को सुनवाई होनी थी। लेकिन विशेष लोक अभियोजक ने प्रार्थना पत्र पर आपत्ति दाखिल करने के लिए समय की मांग किया। जिस पर विशेष न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए 28 जुलाई की तिथि नियत किया।