आजमगढ़। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में 29 से एक नवंबर तक होने वाली सब-जूनियर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की बैठक कालीचौरा स्थित एक मैरिज लॉन में हुई। अध्यक्ष डॉ. डीपी राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में खिलाड़ियों के सुविधाओं पर चर्चा की गई। प्रतियोगिता में एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
डॉ. डीपी राय ने कहा कि एसोसिएशन के आयोजनों से जिले को खेल के क्षेत्र में पहचान मिल रही है। उन्होंने यूपी पीएसी में चयनित आरुष श्रीवास्तव, नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयनित अंकिता यादव तथा प्रादेशिक स्कूली टीम में चयनित सौम्या सिंह और शौर्यमी सिंह को बधाई दी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है। समर्पण के साथ खेल में आगे बढ़ने वाले खिलाड़ियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलता है। कोषाध्यक्ष रमाकांत यादव ने आयोजन की सफलता में जिले के नागरिकों और खेलप्रेमियों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। संचालन प्रतियोगिता संयोजक अजेंद्र राय ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष पुनीत राय, सुनील दत्त विश्वकर्मा, अमित लता सिंह, आशा वर्मा, अंकिता यादव, राकेश सिंह, सत्येंद्र उपाध्याय, पवन पांडेय, आरुष श्रीवास्तव माैजूद रहे। संवाद