आजमगढ़। सगड़ी तहसील के विक्रम इंटर कॉलेज मुहम्मदपुर लाटघाट परिसर में रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच आजमगढ़ और मऊ की टीम के बीच खेला गया। इसमें आजमगढ़ ने मऊ को पराजित कर मैच में जीत लिया। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम सगड़ी बागीश कुमार शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता में आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थ नगर, देवरिया, कुशीनगर, लखनऊ, फैजाबाद की टीमें हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता को लीग आधार पर आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच आजमगढ़ और मऊ जनपद की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें आजमगढ़ ने मऊ को 30-19 से जीत हासिल कर अगले राउंड में प्रवेश किया। आयोजक पूर्व प्रधान पंकज राय ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन सोमवार को पुरस्कार वितरण के साथ होगा, जिसके मुख्य अतिथि मंडलायुक्त वीवी पंत होंगे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में माया प्रसाद राय, एहसान अहमद, प्रेम कुमार राय, नरसिंह शर्मा, अवनीश राय, शिवानंद सिंह, उदयशंकर सिंह शामिल हैं। इस मौके पर राजेश राय, धनंजय राय, परशुराम यादव, चंद्रदेव राय, नारद पटेल, आशीष राय, योगेंद्र राय, दयानंद राय आदि उपस्थित थे।