आजमगढ़: लखनऊ में मुख्तार की करोड़ों की संपत्ति जब्त करेगी पुलिस, खौफ के बल पर व्यापारी से पांच लाख में खरीदी थी
आजमगढ़ के एसपी ने लखनऊ के जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। गैंगस्टर में एक्ट में दर्ज मुकदमे में पुलिस कार्रवाई कर रही है। मात्र पांच लाख में करोड़ों की संपत्ति बैनामा करा ली थी।
विस्तार
मऊ जिले के सदर विधायक और बाहुबली मुख्तार अंसारी पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। आजमगढ़ जिले में दर्ज गैंगस्टर के तहत माफिया मुख्तार की संपत्तियों को चिह्नित किया जा रहा है। लखनऊ में भी मुख्तार की एक संपत्ति को चिह्नित किया गया है। जिसे कुर्क करने के लिए आजमगढ़ एसपी ने जिलाधिकारी लखनऊ को पत्र लिखा है। करोड़ों की इस संपत्ति को माफिया मुख्तार ने सर्किल रेट छुपाकर एक व्यापारी से मात्र पांच लाख में बैनामा करा लिया था।
मुख्तार अंसारी के खिलाफ आजमगढ़ जिले के तरवां थाने में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में विवेचक स्वाट टीम प्रभारी प्रशांत श्रीवास्तव हैं। उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत मुख्तार की चल-अचल संपत्ति को चिह्नित करने की कवायद में जुटे हुए हैं। इसी के तहत लखनऊ में 21 विधानसभा मार्ग एबट रोर्ड बर्फखाना हुसैनगंज में मुख्तार की पत्नी के नाम एक संपत्ति चिह्नित की है।
स्वाट टीम प्रभारी प्रशांत श्रीवास्तव ने के अनुसार संपत्ति की अनुमानित कीमत करोड़ों में है। मुख्तार ने अपने खौफ के बल पर सर्किल रेट छुपाते हुए एक व्यापारी से मात्र पांच लाख रुपये में अपनी पत्नी के नाम यह संपत्ति करा ली थी। चिह्नित करने के बाद संपत्ति को कुर्क करने की कवायद में आजमगढ़ पुलिस जुट गई है। इसके लिए एसपी के माध्यम से जिलाधिकारी लखनऊ को पत्र भी भेजा गया है।
आजमगढ़ के एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुख्तार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, लखनऊ में चिह्नित प्रॉपर्टी को जब्त करने के लिए डीएम लखनऊ को पत्र लिखा गया है। जल्द ही संपत्ति कुर्क की जाएगी। वहीं उसके अन्य संपत्तियों को भी चिह्नित करने की कवायद में महकमा जुटा हुआ है।